MS Dhoni Injury Update: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (Indian Premier League 2026) में चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) की प्लेऑफ की उम्मीदें अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। हालांकि कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) की जीत के बाद टीम की राह जरूर मुश्किल हो गई है। कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) और (Punjab Kings) इस समय अंतिम चार की रेस में चेन्नई सुपर किंग्स से आगे नजर आ रही हैं। वहीं (Delhi Capitals) और सीएसके अभी भी प्लेऑफ में पहुंच सकती हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें दूसरे टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा।
अब तक नहीं खेल पाए हैं धोनी
सीएसके और दिल्ली कैपिटल्स दोनों का नेट रन रेट माइनस में है, जिससे उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सबसे निराशाजनक बात यह रही कि एमएस धोनी (MS Dhoni) पूरे सीजन में एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए। इसके अलावा कई खिलाड़ियों की चोट ने भी टीम के कॉम्बिनेशन को लगातार प्रभावित किया। बावजूद इसके टीम ने कुछ मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया और खुद को प्लेऑफ की दौड़ में बनाए रखा।
चेन्नई सुपर किंग्स को अपना आखिरी लीग मुकाबला गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) के खिलाफ खेलना है, जो 21 मई यानी आज खेला जाएगा। इस मुकाबले में एमएस धोनी नहीं खेलेंगे, लेकिन टीम के बल्लेबाजी कोच माइक हसी (Mike Hussey) ने साफ कर दिया है कि अगर टीम प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर जाती है तो धोनी टीम के साथ जुड़ जाएंगे और प्लेऑफ मुकाबले खेल सकते हैं।
मुश्किल है CSK का क्वालीफिकेशन
माइक हसी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले से पहले कहा, “मैं कंफर्म कर सकता हूं कि वह अभी टीम के साथ नहीं हैं। उनके अंगूठे में थोड़ी समस्या है और वह अच्छी तरह रिकवर कर रहे हैं। वह इस मैच के लिए तैयार नहीं हैं, लेकिन अगर हम प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर जाते हैं तो उम्मीद है कि वह टीम के साथ जुड़ जाएंगे।”
मौजूदा समीकरण को देखते हुए चेन्नई सुपर किंग्स की राह आसान नहीं लग रही है। टीम को न सिर्फ अपना आखिरी मुकाबला जीतना होगा, बल्कि यह भी उम्मीद करनी होगी कि दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स अपने-अपने आखिरी मुकाबले बड़े अंतर से हार जाएं, ताकि नेट रन रेट के समीकरण में सीएसके को फायदा मिल सके।




