CSK vs MI: क्या आज होगी धोनी और रोहित शर्मा को वापसी? या फैंस को और करना पड़ेगा इंतजार, पढ़ें दोनों टीमों के कोच का बयान

CSK vs MI: क्या आज होगी धोनी और रोहित शर्मा को वापसी? या फैंस को और करना पड़ेगा इंतजार, पढ़ें दोनों टीमों के कोच का बयान

बड़ा सवाल यह है कि चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होने वाले इस मैच में क्या पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा खेलते हुए दिखाई देंगे? 

Chennai Super Kings vs Mumbai Indians, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 44वां मुकाबला पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच खेला जाएगा। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए दोनों टीमें इस मैच को हर हाल में जीतना चाहेंगी। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होने वाले इस मैच में क्या पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा खेलते हुए दिखाई देंगे?

चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने बताया है किधोनी पिंडली की चोट से उबर रहे हैं और वह जल्द ही मैदान पर वापसी करते दिखेंगे। 44 वर्षीय धोनी को सीजन की शुरुआत से पहले पिंडली में चोट लगी थी, जिसके कारण वह तीन हफ्तों से बाहर हैं। उनकी रिकवरी के दौरान, विकेटों के बीच दौड़ने की गति पर काफी काम किया गया है।

माइकल हसी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “उम्मीद है कि वह जल्द से जल्द वापसी करेंगे। मुझे नहीं पता कि यह कल होगा या शायद उसके बाद वाले मैच में, लेकिन उनकी रिकवरी बहुत अच्छी चल रही है। मुझे पता है कि वह अपनी दौड़ने की गति बढ़ा रहे हैं और शायद यही एक मुश्किल पहलू था। मुझे लगता है कि कौशल के लिहाज से, हम उनकी बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग को लेकर काफी आश्वस्त हैं, लेकिन बस यह सुनिश्चित करना था कि वह दौड़ने की अच्छी क्षमता बनाए रख सकें, खासकर पारी के आखिर में, जब उन्हें एक और दो रन लेने के लिए तेजी से दौड़ना पड़ता है। इसलिए जैसे ही उन्हें अपनी पिंडली पर पूरा भरोसा हो जाएगा, मुझे यकीन है कि वह खेलने के लिए हरी झंडी दे देंगे।”

हसी ने बताया कि आईपीएल मैच खेलने का अंतिम फैसला धोनी का ही होगा। बैटिंग कोच ने कहा, “जैसे ही उन्हें (धोनी) अपनी पिंडली पर पूरा भरोसा हो जाएगा, मुझे यकीन है कि वह संकेत दे देंगे कि खेलने के लिए तैयार हैं। फिलहाल, हम उन्हीं के निर्देशों का पालन कर रहे हैं। हम इंतजार कर रहे हैं। मुझे लगता है कि पूरा चेन्नई इंतजार कर रहा है।”

धोनी को मैच के दिनों में चेन्नई सुपर किंग्स के डगआउट में नहीं देखा गया है। हसी ने बताया कि इस विकेटकीपर-बल्लेबाज ने ध्यान भटकने से बचने के लिए मैच में शामिल न होने का फैसला किया है। कुछ आईपीएल टीमें अपने खिलाड़ियों को होटल में ही रहने देती हैं, क्योंकि नियमों के अनुसार ड्रेसिंग रूम में केवल 18-20 खिलाड़ियों को ही मौजूद रहने की अनुमति होती है।

हसी ने कहा, “एमएस धोनी सच में एक टीम-उन्मुख खिलाड़ी हैं। वह हमेशा टीम के लिए सबसे अच्छा चाहते हैं और उन्हें चिंता थी कि अगर वह आए, तो शायद थोड़ा ज्यादा ही ध्यान भटक जाएगा। जाहिर है, कैमरे ज्यादातर उन्हीं पर फोकस करेंगे। भीड़ उनके लिए चीयर करेगी और ऐसी ही दूसरी चीजें होंगी। वह सच में चाहते थे कि टीम बस अपना काम करे, अपना खेल खेले। यह सही है या गलत, यह तय करना मेरा काम नहीं है, लेकिन धोनी के मुकाबलों में न आने के पीछे यही सोच थी। जाहिर है, वह घर बैठे बहुत बारीकी से सब कुछ देख रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “निजी तौर पर मुझे ड्रेसिंग रूम में उनका साथ बहुत पसंद है। वह बाकी खिलाड़ियों को बहुत ज्यादा समझदारी और आत्मविश्वास देते हैं। इसलिए वह जाहिर तौर पर हर समय ट्रेनिंग में मौजूद रहते हैं और ट्रेनिंग के दौरान हमेशा एक जिंदादिल इंसान की तरह रहते हैं, और वहां खिलाड़ियों के साथ अपना बहुत सारा अनुभव साझा करते हैं, लेकिन बात बस इतनी थी कि वह खुद को टीम के शेष खिलाड़ियों के लिए ध्यान भटकाने वाला नहीं बनाना चाहते थे, इसीलिए उन्होंने मैच के दिन दूर रहने का फैसला किया।”

वहीं मुंबई इंडियंस के हेड महेला जयवर्धने ने बताया कि रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग की चोट से धीरे-धीरे उबर रहे हैं। जयवर्धने ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘उनकी स्थिति में काफी सुधार हुआ है। वह मैदान पर वापसी करने के लिए बहुत कड़ी मेहनत कर रहे हैं। हमारे लिए और मेडिकल टीम के लिए भी यह एक डेली रूटीन है। हम देखते हैं कि उन्हें कैसा महसूस हो रहा है और अगले दिन उनकी शारीरिक स्थिति कैसी रहती है। उसी के आधार पर हम कोई फैसला लेंगे। आज भी हम उन्हें अभ्यास करते हुए देखेंगे। तो चलिए देखते हैं कि कल उन्हें कैसा महसूस होता है और मेडिकल टीम हमें क्या सलाह देती है।’

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *