CSK Playoff qualification Scenario: सनराइजर्स हैदराबाद से हारकर भी बाहर नहीं होगी चेन्नई सुपर किंग्स, एक मैच जीतकर भी ऐसे पहुंच सकती है प्लेऑफ में

CSK Playoff qualification Scenario: सनराइजर्स हैदराबाद से हारकर भी बाहर नहीं होगी चेन्नई सुपर किंग्स, एक मैच जीतकर भी ऐसे पहुंच सकती है प्लेऑफ में

Chennai Super Kings Playoff qualification Scenario, IPL 2026: पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का यह सीजन मिला-जुला रहा है। शुरुआती तीन मैच लगातार हारने के बाद टीम ने शानदार वापसी की और अगले नौ मुकाबलों में से छह में जीत दर्ज की। वर्तमान में चेन्नई ने 12 मैच खेलकर छह जीत हासिल की है और 12 अंकों के साथ तालिका में पांचवें स्थान पर है।

सोमवार को आईपीएल 2026 का 63वां मैच चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में अगर सीएसके हार गई तो क्या वह प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो जाएगी? यह फिलहाल सबसे बड़ा सवाल बन गया है।

चेन्नई को प्लेऑफ में जाने के लिए करना होगा ये काम

जवाब है नहीं, चेन्नई इस मैच को हारने के बाद भी टॉप 4 में जगह बना सकती है। लेकिन उसके लिए उन्हें अन्य टीमों पर निर्भर रहना होगा। लखनऊ से हार के बाद सीएसके की स्थिति अब काफी साफ हो चुकी है। उसके बचे हुए दोनों मैच अब ‘करो या मरो’ वाले हो गए हैं। अगर चेन्नई सोमवार को हैदराबाद को हरा देती है, तो वह सीधे चौथे स्थान पर पहुंच जाएगी और पंजाब किंग्स (PBKS) को नीचे धकेल देगी। बड़ी जीत की स्थिति में तीसरे स्थान तक छलांग लगाना भी संभव है। दोनों बचे मैच जीतकर 16 अंक हासिल करना चेन्नई के लिए प्लेऑफ में जगह पक्की करने का सबसे मजबूत रास्ता है।

अगर हैदराबाद से हारे तो दूसरी टीमों पर निर्भर करना पड़ेगा

लेकिन अगर हैदराबाद के खिलाफ हार हो भी जाती है, तो उम्मीदें पूरी तरह खत्म नहीं हो जाएंगी। अगर चेन्नई गुरुवार यानि 21 मई को गुजरात टाइटंस (GT) को हरा देती है, तो उसके 14 अंक हो जाएंगे। फिर उसे दूसरे मैचों के नतीजों पर निर्भर करना पड़ेगा। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उसे राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) में से कम से कम एक मैच हारने की उम्मीद करनी होगी। साथ ही पंजाब किंग्स को अपना आखिरी मैच हारना भी जरूरी होगा।

दिल्ली कैपिटल्स भी 14 अंकों तक पहुंच सकती है, लेकिन उसका नेट रन रेट नेगेटिव है, जो उसके लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। वहीं अगर मुंबई इंडियंस (MI) अपने आखिरी दोनों मैच जीत लेती है, तो 14 अंकों पर भी चेन्नई को फायदा हो सकता है और वह चौथे स्थान पर प्लेऑफ में जगह बना सकती है।

16 अंक पर भी कई टीमें दावेदार

अभी तक सिर्फ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ही प्लेऑफ के लिए पूरी तरह सुरक्षित है। गुजरात टाइटंस दूसरे स्थान पर है और उनके पास 16 पॉइंट्स हैं। वो गुरुवार को चेन्नई से खेलेंगे और ये मैच दोनों टीमों के लिए काफी अहम हो सकता है। अगर गुजरात हार गया तो उनके 16 पॉइंट्स पर ही रह जाएंगे और बाकी टीमें नेट रन रेट के सहारे उन्हें पीछे छोड़ सकती हैं।

अगर चेन्नई अपने दोनों बचे मैच जीत लेती है तो उसके भी 16 पॉइंट्स हो जाएंगे। गुजरात, हैदराबाद और राजस्थान भी 16 तक पहुंच सकते हैं। ऐसे में सब कुछ नेट रन रेट पर आकर टिकेगा। अभी चेन्नई और राजस्थान का नेट रन रेट लगभग बराबर (0.027) है। लेकिन चेन्नई की खास बात ये है कि उसके बाकी दोनों मैच प्लेऑफ की दौड़ में लगी टीमों के खिलाफ ही हैं। यानी हर जीत उनका नेट रन रेट सुधारने में भी मदद करेगी।

आज का मैच चेन्नई के लिए सीजन का सबसे बड़ा मैच है। एमएस धोनी की टीम घर में आखिरी बार खेल रही है और पूरा स्टेडियम उन्हें सपोर्ट करने के लिए तैयार होगा। जीत मिली तो टेबल में चौथे या तीसरे स्थान पर पहुंचकर चेन्नई प्लेऑफ की मजबूत दावेदार बन जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *