नरसिंहपुर जिले में रविवार को पुरुषोत्तम मास की पूर्णिमा पर नर्मदा तटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। प्रमुख तीर्थ क्षेत्र बरमान घाट के सीढ़ी घाट, रेत घाट सहित विभिन्न घाटों पर डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने नर्मदा स्नान किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान, दान-पुण्य और कथा-पाठ जैसे आयोजनों में भाग लिया। सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई, जो दोपहर बाद तक बनी रही। बरमान में नरसिंहपुर जिले और आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ सागर, रायसेन, दमोह और छिंदवाड़ा से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। कई श्रद्धालु निजी एवं यात्री वाहनों से आए, जबकि अनेक पैदल यात्रा कर शनिवार रात से ही बरमान पहुंचने लगे थे। पूर्णिमा स्नान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। घाटों पर पूर्व में हुई डूबने की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए, होमगार्ड के जवानों ने मोटरबोट के माध्यम से नर्मदा नदी में लगातार गश्त की। साथ ही, दोनों तटों पर लाउडस्पीकर के जरिए श्रद्धालुओं को गहरे पानी में न जाने की लगातार सलाह दी जाती रही। हाल ही में रेत घाट क्षेत्र में बढ़ती डूबने की घटनाओं को देखते हुए, एसडीआरएफ टीम द्वारा सुरक्षा के लिए चेतावनी संकेतक और खंभे लगाए गए थे। इन व्यवस्थाओं के कारण श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान करने में सुविधा मिली। प्रशासनिक सतर्कता और पुख्ता सुरक्षा इंतजामों के बीच पुरुषोत्तम मास पूर्णिमा का स्नान पर्व शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। तस्वीरें देखिए…


