हनुमानगढ़ जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रावतसर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 495 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान राजसमंद जिले के आमेट तहसील निवासी रोशनलाल (37) के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार टीम ने पल्लू से रावतसर रोड पर हरदासवाली तिराहे के पास नाकाबंदी की थी। वाहनों की जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 495 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में एसआई विजेंद्र शर्मा, हेड कॉन्स्टेबल दीनदयाल, कॉन्स्टेबल मोहनलाल और मुकेश कुमार शामिल थे। जिला विशेष टीम सेक्टर नोहर और रावतसर थाना के कॉन्स्टेबल देवीलाल ने भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि अफीम के स्रोत और उसकी सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके।


