कटनी में 30 लाख के मंगल भवन निर्माण में भ्रष्टाचार:लोग बोले- मिट्टी की ईंटें, 14 की जगह 9 इंच के पिलर पर खड़ा किया ढांचा

कटनी में 30 लाख के मंगल भवन निर्माण में भ्रष्टाचार:लोग बोले- मिट्टी की ईंटें, 14 की जगह 9 इंच के पिलर पर खड़ा किया ढांचा

कटनी जिले के ग्राम पंचायत पनसोखर में मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद से बन रहे मंगल भवन एवं प्रशिक्षण केंद्र में घटिया निर्माण के गंभीर आरोप लगे हैं। लगभग 30 लाख की लागत से बन रहे इस भवन में तकनीकी मापदंडों को ताक पर रखकर निर्माण कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों ने इस भ्रष्टाचार की लिखित शिकायत जनपद कार्यालय में दर्ज कराई है। कच्ची ईंटें और कमजोर पिलर से सुरक्षा पर खतरा ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा पकी हुई ईंटों के स्थान पर पीली और मिट्टी मिली कच्ची ईंटों का धड़ल्ले से उपयोग किया जा रहा है। सबसे बड़ी लापरवाही पिलरों के निर्माण में सामने आई है; प्राकलन के अनुसार पिलर 14 इंच के होने चाहिए थे, लेकिन मौके पर मात्र 9 इंच के कमजोर पिलर बनाए जा रहे हैं। विधायक और सीईओ ने दिए जांच के निर्देश मामले की गंभीरता को देखते हुए जनपद पंचायत बड़वारा की सीईओ प्रभा सिंह ने तकनीकी टीम गठित कर जांच के आदेश दिए हैं। वहीं क्षेत्रीय विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शासकीय राशि का दुरुपयोग और गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक ने जिला स्तर के अधिकारियों से बात कर दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उग्र आंदोलन की चेतावनी दी स्थानीय निवासियों ने निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई और निर्माण में सुधार नहीं हुआ, तो वे प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उग्र प्रदर्शन करेंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *