बाइक पर शहर की सफाई व्यवस्था देखने निकले निगम कमिश्नर:कचरा फेंकने वालों को दी चेतावनी; जनगणना में अनुपस्थित 80 कर्मचारियों को नोटिस

बाइक पर शहर की सफाई व्यवस्था देखने निकले निगम कमिश्नर:कचरा फेंकने वालों को दी चेतावनी; जनगणना में अनुपस्थित 80 कर्मचारियों को नोटिस

जोधपुर में नगर निगम आयुक्त राहुल जैन ने बाइक से शहर के भीतरी इलाकों का दौरा किया। निगम आयुक्त राहुल जैन ने बुधवार को लोगों से फीडबैक भी लिया। इस पर कई लोगों ने संतोष जताया। आयुक्त ने शहरवासियों से स्वच्छता सर्वेक्षण में भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने भीतरी शहर को अधिक सुंदर बनाने के लिए दीवारों पर पेंटिंग कराने और जागरूकता गतिविधियां चलाने के निर्देश दिए। वहीं उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क पर कचरा डालने वालों से जुर्माना वसूला जाएगा। नई सड़क से घंटाघर, तूरजी का झालरा, त्रिपोलिया मार्केट, अचलनाथ मंदिर, कुंज बिहारी मंदिर, कंदोई बाजार, आडा बाजार, गंगश्याम मंदिर, नवचौकिया, फतेहपोल और रानीसर पदमसर तालाब होते हुए ब्रह्मपुरी की संकरी गलियों तक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से फीडबैक लिया। सफाई के बाद लोग फिर फेंक रहे कचरा आयुक्त राहुल जैन ने बताया- शहर में सफाई में काफी सुधार हुआ है। कचरा पॉइंट पर निगम द्वारा सफाई के बाद कुछ लोग फिर कचरा डाल देते हैं। उन्होंने कहा- ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्वच्छता संरक्षण और भोगीशैल परिक्रमा (मारवाड़ का महाकुंभ) को लेकर भीतरी इलाकों की तैयारी का जायजा लिया। इस दौरान श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन के लिए आएंगे, इसलिए शिकायतों का जल्द निस्तारण के आदेश दिए। जनगणना में अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस जनगणना-2027 के पहले चरण मकान सूचीकरण के लिए बुधवार से प्रगणकों व पर्यवेक्षकों की ट्रेनिंग शुरू होते ही 80 कर्मचारी बिना सूचना के गायब मिले। निगम आयुक्त राहुल जैन ने ट्रेनिंग सेंटर का निरीक्षण कर सभी को नोटिस थमाए और सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। निगम क्षेत्र के 6 स्कूलों में चल रहे प्रशिक्षण के पहले ही दिन आयुक्त के निरीक्षण में 60 प्रगणक और 20 पर्यवेक्षक अनुपस्थित पाए गए। राहुल जैन ने कहा- बिना वजह गायब होने वालों को नोटिस जारी किए गए हैं। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी, ताकि जनगणना का काम सुचारू चले। बता दें कि जनगणना का यह चरण 16 मई से 14 जून तक चलेगा। अभी इसकी ट्रेनिंग चल रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *