बुलंदशहर जिला कांग्रेस कमेटी ने महान समाज सुधारक और लोककल्याणकारी शासक महारानी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई। यह कार्यक्रम जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महारानी अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को याद किया। जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने महारानी अहिल्याबाई होल्कर को भारतीय इतिहास की महान शासिका बताया। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई ने अपने शासनकाल में न्याय, सुशासन और जनकल्याण का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने समाज के सभी वर्गों के हितों की रक्षा की और विकास व सांस्कृतिक संरक्षण में महत्वपूर्ण कार्य किए। काशी विश्वनाथ मंदिर सहित देशभर के कई धार्मिक स्थलों के पुनर्निर्माण में उनका योगदान अविस्मरणीय है। जियाउर्रहमान ने वर्तमान समय में उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज में समानता, सेवा और सद्भाव को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी, मनीष चतुर्वेदी, शहर अध्यक्ष रवि वर्मा और नईम मंसूरी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि महारानी अहिल्याबाई होल्कर जनकल्याण, नारी सम्मान और सामाजिक न्याय की सशक्त प्रतीक थीं। उनके कार्यों ने यह सिद्ध किया कि संवेदनशील नेतृत्व और जनहित के प्रति समर्पण समाज को नई दिशा दे सकता है। उन्होंने युवा पीढ़ी से उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महारानी अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। उन्होंने सामाजिक सद्भाव, महिला सम्मान और जनसेवा के मूल्यों को मजबूत करने पर भी जोर दिया। ये रहे मौजूद इस अवसर पर जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान, पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी, नरेंद्र चौधरी, शहर अध्यक्ष रवि वर्मा, कोषाध्यक्ष मनीष चतुर्वेदी, नईम मंसूरी, आदर्श देव शर्मा, आशु कुरैशी, राजकुमार बघेल, मोहनलाल बघेल, कासिम खान, सुरेश, मनोज शर्मा, साहिल खान और शोएब सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।


