बीकानेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शुक्रवार को शहर में बढ़ती महंगाई, डीजल-पेट्रोल और रसोई गैस के बढ़ते दामों के साथ बिजली-पानी की अव्यवस्था के विरोध में ‘मटका फोड़ प्रदर्शन’ किया जाएगा। प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत सुबह 10:30 बजे रतन बिहारी पार्क से पैदल मार्च शुरू होगा, जो जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगा। यहां कलेक्ट्रेट के सामने कार्यकर्ता मटका फोड़कर विरोध जताएंगे। पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने बताया कि हर तरफ महंगाई बढ़ रही है, आम आदमी परेशान है और सरकार सिर्फ दाम बढ़ाने का काम कर रही है। ऐसे में विरोध के तहत बड़ा प्रदर्शन किया जा रहा है। जिसमें प्रदेश पदाधिकारी, पीसीसी सदस्य, जिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, इंटक, वार्ड अध्यक्ष, पार्षद, पार्षद प्रत्याशी सहित बड़ी संख्या में आमजन शामिल होंगे। हर वार्ड से लोगों को जोड़ने की तैयारी शहर कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं के मुताबिक प्रदर्शन को लेकर सभी वार्डों में तैयारियां की जा रही हैं। कार्यकर्ता हाथों में मटकियां लेकर पैदल मार्च करेंगे और भाजपा सरकार व स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करेंगे। कल्ला का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच बीकानेर में पानी और बिजली की समस्या लगातार गहरा रही है। आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में प्रशासन विफल साबित हो रहा है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस सड़कों पर उतरकर विरोध दर्ज कराएगी।


