श्रीगंगानगर में कांग्रेस ने किया कलेक्ट्रेट का घेराव:कांग्रेसी बोले- शहर की खराब हालात के लिए विधायक जयदीप बिहाणी जिम्मेवार

श्रीगंगानगर में कांग्रेस ने किया कलेक्ट्रेट का घेराव:कांग्रेसी बोले- शहर की खराब हालात के लिए विधायक जयदीप बिहाणी जिम्मेवार

श्रीगंगानगर में ब्लॉक व शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से अनेक मांगों को लेकर जिला कलेक्ट्रेट का घेराव किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट के बाहर जमकर नारेबाजी की और राज्य सरकार व जिला प्रशासन के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। कार्यकर्ता महंगाई, पेपर लीक, पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमतों, गेहूं की एमएसपी पर खरीद न होने, शहर में लगातार हो रही चोरियों, नशे की खुली बिक्री और बरसात में डूबते शहर जैसे मुद्दों को लेकर आक्रोशित नजर आए। प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य अंकुर मगलानी ने कहा- राज्य सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है। जिला प्रशासन न तो शहर की मूल समस्याओं पर ध्यान दे रहा है और न ही अव्यवस्थाओं को दूर करने की कोई कोशिश कर रहा है। शहर की बिगड़ती हालत के लिए भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी भी जिम्मेदार है। मिगलानी ने कहा- पिछले दो महीनों में हुई चोरी की घटनाओं का सात दिन के अंदर खुलासा नहीं हुआ तो सभी थानों का घेराव किया जाएगा। शुरुआत कोतवाली से होगी। शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धर्मपाल झोरड़ ने कहा- लगातार बढ़ती महंगाई, पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। देहात ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्याम पुनियानी ने नगर निकाय और पंचायती राज चुनाव न कराने की सरकार की हठधर्मिता की आलोचना की और शहर में फैली अव्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सभी समस्याओं के तुरंत समाधान की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई कि अगर शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया तो कांग्रेस और बड़ा तथा कड़ा आंदोलन छेड़ेगी। इस मौके पर जिला प्रमुख दुलाराम इंदलिया, मनोज भिड़ासरा, अशोक डागला, बलराज पब्बी, सहित सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *