NEET पेपर लीक पर दतिया में कांग्रेस का प्रदर्शन:किला चौक पर शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका, परीक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

NEET पेपर लीक पर दतिया में कांग्रेस का प्रदर्शन:किला चौक पर शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका, परीक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

NEET-2026 परीक्षा में पेपर लीक मामले को लेकर गुरुवार शाम दतिया में कांग्रेस सड़कों पर उतर आई। जिला कांग्रेस कमेटी ने किला चौक पर प्रदर्शन कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका और परीक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र पर जमकर निशाना साधा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है और प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता खत्म होती जा रही है। पूर्व विधायक घनश्याम सिंह ने कहा कि NEET पेपर लीक ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लाखों छात्र वर्षों तक मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत और सपनों पर पानी फेर देती हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा माफियाओं पर सख्त कार्रवाई नहीं होने से युवाओं में नाराजगी बढ़ रही है। जिलाध्यक्ष बोले- युवाओं का भरोसा कमजोर हुआ
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा ने कहा कि अभिभावक बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज तक लेते हैं और परिवार अपनी जमा पूंजी खर्च कर देता है, लेकिन परीक्षाओं की निष्पक्षता लगातार सवालों के घेरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में कई भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में पेपर लीक के मामले सामने आए हैं, जिससे युवाओं का भरोसा कमजोर हुआ है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। किला चौक पर कुछ देर तक प्रदर्शन और नारेबाजी का माहौल बना रहा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *