सहारनपुर में कांग्रेस का 6 जून को प्रदर्शन का ऐलान:महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक के खिलाफ राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपेगी

सहारनपुर में कांग्रेस का 6 जून को प्रदर्शन का ऐलान:महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक के खिलाफ राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपेगी

सहारनपुर में जिला कांग्रेस कमेटी ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे मुद्दों के विरोध में 6 जून को शांतिपूर्ण प्रदर्शन की घोषणा की है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने बताया कि कार्यकर्ता जिला मुख्यालय से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकालेंगे और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपेंगे। यह निर्णय मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित जून माह की मासिक बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने की, जबकि संचालन जिला संगठन प्रभारी एवं उपाध्यक्ष नितिन शर्मा ने किया। इस दौरान आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई और विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। संदीप राणा ने भाजपा सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता को धर्म और जाति के नाम पर बांटकर वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था की गिरती गुणवत्ता, परीक्षा पत्र लीक होने की घटनाओं तथा महिलाओं, दलितों, पिछड़ों और कमजोर वर्गों के खिलाफ बढ़ते अपराधों जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने इन मुद्दों पर सरकारों के रवैये को निराशाजनक बताया। राणा ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी लगातार जनहित के मुद्दों को उठा रही है। उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं से भी जनता की आवाज को मजबूती से बुलंद करने का आह्वान किया। राणा ने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस गांधीवादी और अहिंसावादी विचारधारा में विश्वास रखती है, इसलिए 6 जून का प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा। उन्होंने इसे जनहित से भटकी व्यवस्था को सही दिशा में लाने का एक लोकतांत्रिक प्रयास बताया। बैठक के दौरान हिंदू रक्षादल की पूर्व जिलाध्यक्ष अमनदीप कौर और उनकी सहयोगी तान्या चौहान ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। जिलाध्यक्ष संदीप राणा ने दोनों का पार्टी में स्वागत किया और उन्हें कांग्रेस का पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया। प्रदर्शन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न ब्लॉक अध्यक्षों और पदाधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में संगठन को मजबूत करने और प्रस्तावित प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझावों पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर जिला संगठन प्रभारी नितिन शर्मा, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, अरविंद पालीवाल, राहत खलील, सत्यम भूरियान सैनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *