शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत आज सवाई माधोपुर में कई दुकानों पर कार्रवाई की गई। यहां CMHO सवाई माधोपुर डॉ. अनिल कुमार जैमिनी के नेतृत्व में फूड सेफ्टी ऑफिसर वेद प्रकाश पूर्विया व नितेश गौतम की टीम ने टोंक रोड स्थित जनता जोधपुर मिष्ठान भंडार व छाबड़ा एजेन्सी पर कार्रवाई को अंजाम दिया। कस्टमर की शिकायत पर हुई कार्रवाई CMHO डॉ. अनिल कुमार जैमिनी ने बताया कि जनता जोधपुर मिष्ठान भण्डार से राजेंद्र जोलिया ने एक दिन पहले मलाई फ्रूट रोल स्वीट खरीदी थी। जिसको खाने के बाद उनके बच्चे की तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद वह बची हुई मिठाई को लेकर सुबह सीएमएचओ कार्यालय पहुंचा और मिठाई खाने से उनके बच्चे की तबीयत खराब की शिकायत सीएमएचओ सवाई माधोपुर से की। सीएमएचओ सवाई माधोपुर ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेद प्रकाश पूर्विया व नितेश गौतम की टीम को कार्रवाई करने भेजा। जहां पहुचकर टीम ने इंस्पेक्शन कर मलाई क्रीम रोल मिठाई का नमूना एनफोर्समेंट में लिया और खाद्य कारोबारकर्ता को मिठाई की गुणवक्ता सही रखने व गर्मी के मौसम में मिठाई के रख रखाव सही करने को लेकर पाबंद किया। इस दौरान राजेंद्र जोलिया भी मौके पर उपस्थित थे। जिसके बाद टीम ने संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायत पर टोंक रोड स्थित छाबड़ा एजेंसी पर पहुंचे व इंस्पेक्शन कर 2 नमूने वाडीलाल वनीला आइसक्रीम व वाडीलाल बटरस्कॉच आइसक्रीम के खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत लिये और सभी नमूनों को खाद्य प्रयोगशाला जयपुर भिजवाया गया अब लैब रिपोर्ट प्राप्त होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 नियम एवं विनियम 2011 के अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।


