झांसी मंडल आयुक्त विमल कुमार दुबे शनिवार को ललितपुर दौरे पर पहुंचे। उन्होंने यहां संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने शहर में चल रही अमृत जल योजना के कार्यों और विभिन्न निर्माणधीन परियोजनाओं का भी निरीक्षण किया। मंडलायुक्त दुबे दोपहर करीब एक बजे तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे। यहां पांच से अधिक महिलाएं नगर पालिका में संविदा पर सफाई कर्मी के पद पर नियुक्ति की मांग लेकर पहुंचीं। उन्होंने मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपकर बताया कि वे बेरोजगार हैं और उन्हें नगर पालिका परिषद में काम दिलाया जाए। इस पर मंडलायुक्त विमल कुमार दुबे ने नगर पालिका अधिशासी अधिकारी को इन महिलाओं को रोजगार देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे फरियादियों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। नवनिर्मित पानी की टंकी का निरीक्षण किया संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचने से पहले मंडलायुक्त ने इलाइट स्थित जल निगम द्वारा नवनिर्मित पानी की टंकी का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम दैलवारा में निर्माणाधीन कस्तूरबा आवासीय विद्यालय भवन और बाल गृह का भी जायजा लिया। उन्होंने कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, मंडलायुक्त ने ग्राम दैलवारा स्थित सहकारी समिति के गेहूं क्रय केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां किसानों ने बारदाने (बोरे) की कमी की समस्या बताई। इस अवसर पर सीडीओ शेषनाथ चौहान, अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार, संयुक्त विकास आयुक्त सुरेश कुमार केसरवानी, सहायक अभियंता डीआरडीए संदीप तिवारी, अभियंता लोक निर्माण विभाग झांसी नवनीत सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।


