‘धोनी की परछाई से बाहर निकलो’ ऋतुराज गायकवाड़ को गाली देने वाले CSK फैंस को आर अश्विन ने दिखाया आईना

‘धोनी की परछाई से बाहर निकलो’ ऋतुराज गायकवाड़ को गाली देने वाले CSK फैंस को आर अश्विन ने दिखाया आईना

R Ashwin YouTube channel CSK: IPL 2026 के प्लेऑफ की रेस से बाहर होने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के फैंस का गुस्सा कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पर फूट पड़ा है। चेपॉक स्टेडियम में मिली लगातार हार और खराब फॉर्म के बाद फैंस सोशल मीडिया पर गायकवाड़ को जमकर गाली दे रहे हैं, जिस पर पूर्व CSK दिग्गज आर अश्विन ने कड़ा ऐतराज जताते हुए फैंस को सच का आईना दिखाया है। 

CSK fans abuse Ruturaj Gaikwad: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का सफर बेहद निराशाजनक तरीके से खत्म हुआ। टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई, जिसके बाद फैंस का पूरा गुस्सा कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पर निकल रहा है। इस सीजन में ऋतुराज का बल्ला पूरी तरह शांत रहा। उन्होंने 28.08 की औसत और महज 123.44 के बेहद साधारण स्ट्राइक रेट से सिर्फ 337 रन बनाए। उनके इस धीमे खेल और खराब फॉर्म की वजह से कुछ फैंस सोशल मीडिया पर मर्यादा भूल गए और उन्हें बुरी तरह गाली देने लगे।

फैंस के इस बर्ताव को देखकर भारत के स्टार स्पिनर रविचंद्रन अश्विन काफी निराश हैं। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर आकर गायकवाड़ का बचाव किया और फैंस को जमकर लताड़ लगाई।

‘ईशान किशन को देखो, समय सबका बदलता है’

अश्विन ने ऋतुराज को गाली देने वाले फैंस को आड़े हाथों लेते हुए कहा, ‘मैं अपनी बात पर कायम हूं कि ऋतुराज एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। लोग उन्हें इतनी गालियां क्यों दे रहे हैं, मुझे समझ नहीं आता। ऋतुराज वैसे खिलाड़ी नहीं हैं, खराब समय किसी का भी आ सकता है। आप ईशान किशन का ही उदाहरण ले लीजिए। मुंबई इंडियंस ने उन्हें मोटी रकम में खरीदा था, लेकिन वह वहां कुछ खास नहीं कर पाए। इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने उन पर भरोसा जताया और आज वह SRH के लिए कितनी शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। वक्त सबका बदलता है, इसलिए किसी खिलाड़ी को गाली देना बिल्कुल गलत है।’

एमएस धोनी वाले दिन अब बीत चुके हैं…

अश्विन ने सीएसके फैंस को रियालिटी चेक (वास्तविकता) देते हुए साफ कहा कि अब एमएस धोनी का जमाना नहीं रहा, इसलिए उम्मीदें भी वैसी मत रखो। अश्विन ने कहा, ‘यह मान लीजिए कि चेन्नई इस बार अच्छी टीमों में से एक नहीं थी। अब समय बदल चुका है। धोनी और CSK ने पिछले 18 सालों में फैंस को ऐसी आदत डाल दी है कि हम तो हर बार जीतेंगे और प्लेऑफ में पहुंचेंगे ही, जैसे यह बहुत आसान काम हो। लेकिन अब ऐसा नहीं है। अब टूर्नामेंट में 10 टीमें हैं और हर टीम कमाल का क्रिकेट खेल रही है।’
अश्विन ने आगे कहा कि चेन्नई इस बार सिर्फ उन्हीं टीमों से जीत पाई जो पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे थीं। टीम में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन उन्हें अभी आगे बढ़ने के लिए बहुत लंबा रास्ता तय करना है।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *