दो ट्रकों की भिड़ंत, एक ड्राइवर की मौत:केबिन में बुरी तरह फंसा, डेढ़ घंटे रेस्क्यू के बाद निकाला बाहर

दो ट्रकों की भिड़ंत, एक ड्राइवर की मौत:केबिन में बुरी तरह फंसा, डेढ़ घंटे रेस्क्यू के बाद निकाला बाहर

कोटा जिले के ढाबादेह स्थित फोरलेन पर देर रात करीब 12 बजे दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में एक ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रक का ड्राइवर केबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम, एम्बुलेंस और मोड़क थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ड्राइवर को बाहर निकालने के लिए कटर, ग्राइंडर और रस्सियों का उपयोग कर करीब डेढ़ घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। गंभीर रूप से घायल ड्राइवर को हाईवे एम्बुलेंस से झालावाड़ के एसआरजी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक की पहचान नागौर निवासी जय सिंह के रूप में की है। शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस ने संबंधित थाना पुलिस को सूचित कर दिया है। परिजनों के झालावाड़ पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। हादसे के कारण फोरलेन पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ, जिसे पुलिस और हाईवे टीम ने सामान्य किया। पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक ड्राइवर ट्रक लेकर कोटा से झालावाड़ की ओर आ रहा था। इस सड़क मार्ग पर दरा क्षेत्र में इन दिनों जाम लगने के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे वाहनों का दबाव बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *