वालपुर में कलेक्टर ने सुनी ग्रामीणों की शिकायतें:प्रशासन की रात्रि चौपाल में दिए समाधान के निर्देश

वालपुर में कलेक्टर ने सुनी ग्रामीणों की शिकायतें:प्रशासन की रात्रि चौपाल में दिए समाधान के निर्देश

आलीराजपुर जिले के सोंडवा विकासखंड की ग्राम पंचायत वालपुर में गुरुवार को प्रशासन द्वारा रात्रि चौपाल और खाटला बैठक का आयोजन किया गया। कलेक्टर नीतू माथुर ने ग्रामीणों की शिकायतें और आवश्यक मांगें सुनीं, साथ ही मौके पर ही उनके समाधान के निर्देश दिए। कलेक्टर नीतू माथुर के निर्देश पर आयोजित इस चौपाल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित निराकरण करना था। प्रशासन ने गांव के अंतिम छोर तक पहुंचकर लोगों की शिकायतें और महत्वपूर्ण मांगें दर्ज कीं। रात्रि चौपाल में बिजली, पानी, सड़क, राशन, पेंशन और राजस्व से संबंधित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने विभिन्न शासकीय योजनाओं की जमीनी हकीकत की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर माथुर ने ग्रामीणों की समस्याएं एक-एक कर सुनीं और उनसे लिखित आवेदन भी स्वीकार किए। उन्होंने सभी आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने का आश्वासन दिया। कलेक्टर ने यह भी घोषणा की कि ऐसी बैठकें अब हर माह आयोजित की जाएंगी, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक न आना पड़े। ग्रामीणों ने आवास योजना, पेयजल समस्या और समग्र आईडी से संबंधित कई आवेदन प्रस्तुत किए, जिनके शीघ्र निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। सरकारी अस्पताल में डॉक्टर के नियमित रूप से उपस्थित न रहने की शिकायत पर कलेक्टर ने नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएचई अधिकारी को पेयजल समस्या के प्राथमिकता से समाधान के लिए क्षेत्र का भ्रमण करने का भी निर्देश दिया। कलेक्टर माथुर ने ग्रामीण जनों से संवाद करते हुए विद्यालयों, आंगनवाड़ियों, अस्पताल, सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा और उचित मूल्य दुकान सहित कई विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की वस्तुस्थिति का जायजा लिया। विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों की सूची का भी वाचन किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने लू और तापघात से बचाव के उपाय बताए। इस कार्यक्रम में जिले के सभी प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। रात्रि चौपाल को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें भाग लिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *