बजट से ज्यादा कलेक्शन फिर भी ‘जॉन कार्टर’ को मिला ‘महाफ्लॉप’ का टैग, फिल्म रिलीज के बाद 1300 करोड़ का लगा फटका

बजट से ज्यादा कलेक्शन फिर भी ‘जॉन कार्टर’ को मिला ‘महाफ्लॉप’ का टैग, फिल्म रिलीज के बाद 1300 करोड़ का लगा फटका

World Biggest Flop Movie John Carter: हॉलीवुड की फिल्मों का नाम आते ही लोगों के दिमाग में ‘अवतार’, ‘टाइटैनिक’, ‘अवेंजर्स’ और ‘जुरासिक वर्ल्ड’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों की तस्वीर घूमने लगती है। इन फिल्मों ने दुनियाभर में कमाई के रिकॉर्ड तोड़े और मेकर्स को मालामाल कर दिया।

लेकिन क्या आप जानते हैं कि सिनेमा की दुनिया में एक ऐसी फिल्म भी बनी, जिसने कमाई तो की, लेकिन उसके बावजूद मेकर्स को इतना बड़ा नुकसान हुआ कि उसका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया। ये फिल्म थी साल 2012 में रिलीज हुई साइंस-फिक्शन एडवेंचर मूवी ‘जॉन कार्टर’।

फिल्म पर पानी की तरह लगा पैसा (World Biggest Flop Movie John Carter)

एक समय ऐसा था जब इस फिल्म को हॉलीवुड का सबसे बड़ा दांव माना जा रहा था। डिज्नी स्टूडियो ने इस प्रोजेक्ट पर पानी की तरह पैसा बहाया था। फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स, सेट्स और प्रमोशन को देखकर माना जा रहा था कि ये ‘अवतार’ जैसी सफलता हासिल करेगी। लेकिन रिलीज के बाद कहानी पूरी तरह उलट गई और फिल्म इतिहास की सबसे बड़ी डिजास्टर फिल्मों में शामिल हो गई।

जॉन कार्टर अब तक की सबसे फ्लॉप मूवी?

‘जॉन कार्टर’ मशहूर लेखक एडगर राइस बरोज के उपन्यास ‘ए प्रिंसेज ऑफ मार्स’ पर आधारित थी। फिल्म की कहानी एक ऐसे सैनिक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो रहस्यमयी तरीके से मंगल ग्रह पहुंच जाता है। वहां अलग-अलग सभ्यताओं और प्रजातियों के बीच युद्ध छिड़ा होता है। मंगल ग्रह पर पहुंचने के बाद उस सैनिक को असाधारण ताकतें मिल जाती हैं और फिर शुरू होता है रोमांच, युद्ध और रहस्यों से भरा सफर।

फिल्म को एंड्रयू स्टैंटन ने किया डायरेक्ट

फिल्म को एंड्रयू स्टैंटन ने डायरेक्ट किया था, जो इससे पहले एनिमेशन फिल्मों के लिए मशहूर थे। वहीं मुख्य भूमिका में टेलर किट्श नजर आए थे। उनके साथ लिन कॉलिन्स, विलेम डैफो, सामंथा मॉर्टन और ब्रायन क्रैंस्टन जैसे बड़े कलाकार भी फिल्म का हिस्सा थे। स्टारकास्ट दमदार थी, विजुअल्स शानदार थे और बजट इतना बड़ा था कि उस दौर में बहुत कम फिल्मों पर इतना खर्च हुआ था।

2000 करोड़ का था बजट (World Biggest Flop Movie John Carter)

बताया जाता है कि फिल्म का निर्माण बजट करीब 250 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया था। भारतीय रुपये में देखें तो ये रकम 2000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा बैठती है। लेकिन असली झटका तब लगा जब प्रमोशन और मार्केटिंग पर भी अरबों रुपये खर्च कर दिए गए। मेकर्स को उम्मीद थी कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच देगी, मगर दर्शकों ने इसे वैसा प्यार नहीं दिया जिसकी उम्मीद की जा रही थी।

फिल्म को झेलना पड़ा भारी नुकसान

हालांकि फिल्म ने दुनियाभर में करीब 284 मिलियन डॉलर की कमाई की, लेकिन थिएटर शेयर, प्रमोशन और बाकी खर्च निकालने के बाद डिज्नी को भारी नुकसान झेलना पड़ा। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म से मेकर्स को लगभग 1300 से 2000 करोड़ रुपये तक का घाटा हुआ। यही वजह रही कि ‘जॉन कार्टर’ का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में ‘मोस्ट मनी लॉस्ट बाय ए फिल्म’ कैटेगरी में दर्ज किया गया।

फिल्म की असफलता का असर

फिल्म की असफलता का असर सिर्फ स्टूडियो तक सीमित नहीं रहा। कहा जाता है कि इस प्रोजेक्ट के फ्लॉप होने के बाद डिज्नी के कई बड़े अधिकारियों पर दबाव बढ़ गया था। वहीं फिल्म के हीरो टेलर किट्श का करियर भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। लंबे समय तक उन्हें कोई बड़ा प्रोजेक्ट नहीं मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *