NEET UG 2026 Cancelled: नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद देशभर में बवाल मचा हुआ है। इसी बीच तमिलनाडु के सीएम जोसेफ विजय की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द होने पर केंद्र सरकार और परीक्षा प्रणाली पर बड़ा हमला बोला है। सीएम विजय ने कहा कि परीक्षा रद्द होना पूरे सिस्टम की खामियों को उजागर करता है। साथ ही, उन्होंने NEET को पूरी तरह से खत्म करने की भी मांग की है।
मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि तमिलनाडु की सरकारें शुरू से ही NEET का विरोध करती रही हैं, क्योंकि इस परीक्षा से ग्रामीण इलाकों, सरकारी स्कूलों, तमिल माध्यम और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है।
12वीं के नंबरों के आधार पर मिले एडमिशन
इस दौरान उन्होंने कहा कि छात्रों को मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश 12वीं के नंबरों के आधार पर होना चाहिए, जिससे हर बच्चे को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। उन्होंने सिस्टम पर सवाल उठाते हुए कहा कि पेपर लीक की खबरों ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है।
क्या है पूरा मामला
बता दें कि 3 मई को NEET-UG 2026 परीक्षा आयोजित हुई थी। इसके बाद पेपर लीक की खबरें सामने आई। बाद में मंगलवार को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने इस परीक्षा को रद्द कर दिया। इस फैसले से देशभर के 22 लाख से ज्यादा मेडिकल छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है। वहीं शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कई राज्यों में प्रदर्शन तेज हो गए हैं।
मामले में कई लोगों की हुई गिरफ्तारी
CBI ने मामले में जयपुर से मंगीलाल बिवाल, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल, गुरुग्राम से यश यादव और नासिक से शुभम खैरनार को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों का कहना है कि आने वाले दिनों में कई और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
दिल्ली ले जाते समय आरोपियों में से एक ने कहा कि बड़े लोगों को बचाया जाता है और आम आदमी को परेशान किया जाता है। जांच के दौरान मोबाइल फोन, लैपटॉप और कई डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि कथित प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले कैसे फैलाया गया।


