कौशांबी में हर्ष फायरिंग के दौरान एक नौ वर्षीय बच्चे को गोली लग गई। यह घटना देर रात उस समय हुई जब बच्चा अपने घर की छत पर खड़े होकर एक बारात का वीडियो बना रहा था। बारात में शामिल किसी व्यक्ति द्वारा की गई फायरिंग का छर्रा बच्चे के सीने में जा लगा। यह घटना सराय अकिल थाना क्षेत्र के बरई गांव की है। घायल बच्चे की पहचान नौ वर्षीय शोभित के रूप में हुई है, जो गांव का ही निवासी है। फायरिंग के बाद शोभित अचेत होकर गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, शोभित की हालत अब सामान्य बताई जा रही है। घटना के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। घायल शोभित की मां ने बताया कि उनका बेटा छत पर खड़े होकर वीडियो बना रहा था, तभी यह हादसा हुआ।


