नीमच में बाल विवाह रुकवाया:ग्राम पीठ में 16 वर्षीय नाबालिग की शादी की तैयारी थी

नीमच में बाल विवाह रुकवाया:ग्राम पीठ में 16 वर्षीय नाबालिग की शादी की तैयारी थी

नीमच जिले में अक्षय तृतीया के अवसर पर बाल विवाह रोकथाम अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई। विकासखंड नीमच के ग्राम पीठ में एक संयुक्त दल ने 16 वर्षीय नाबालिग लड़की का विवाह रुकवाया, जिसकी तैयारियां एक दिन बाद होने वाली शादी के लिए की जा रही थीं। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव के निर्देशों पर, जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला एवं बाल विकास) अंकिता पंड्या ने बताया कि यह कार्रवाई एसडीएम संजीव साहू के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। संयुक्त दल ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। जांच में सामने आया कि परिवार में बड़ी बेटी की आयु 18 वर्ष से अधिक थी, जबकि छोटी बेटी की आयु केवल 16 वर्ष थी, और उसी के विवाह की तैयारियां चल रही थीं। परिवार को चेतावनी दी टीम ने परिवार को बाल विवाह के कानूनी और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से समझाया। इसके बाद एक पंचनामा तैयार किया गया, और परिवार ने यह आश्वासन दिया कि वे छोटी बेटी का विवाह उसकी आयु 18 वर्ष पूर्ण होने के बाद ही करेंगे। प्रशासन की टीम ने परिवार को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि बालिका का विवाह 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने से पहले किया गया, तो उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस दल में पर्यवेक्षक सारिका केदार, पिंकी भाटिया और अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *