शिवपुरी जिले के करैरा में हुए सड़क हादसे के मामले में रविवार को विधायक पुत्र दिनेश लोधी को पूछताछ के लिए करैरा थाने बुलाया गया। एसडीओपी आयुष जाखड़ और थाना प्रभारी विनोद छावई ने उनसे घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दिनेश लोधी ने बताया कि उन्होंने कई बार हॉर्न और सायरन बजाया था, लेकिन सामने चल रहे लोग नहीं हटे। उनके अनुसार, आगे निकलने के प्रयास में बाइक से टक्कर हो गई, जिससे यह हादसा हुआ। कोर्ट से कार छूटने के बाद उन्हें उनकी गाड़ी सुपुर्द कर दी गई। पांच लोगों को मारी थी टक्कर
यह घटना 16 अप्रैल की सुबह करीब 7:30 बजे की है। फरियादी संजय परिहार अपने साथियों आशीष परिहार और अंशुल परिहार के साथ स्प्लेंडर बाइक से पुलिस सहायता केंद्र करैरा से तहसील की ओर जा रहे थे। उनके आगे सीता वर्मा और पूजा सोनी पैदल चल रही थीं। तभी पीछे से आई काले रंग की थार गाड़ी ने तेज और लापरवाही से चलाते हुए पहले दोनों महिलाओं को और फिर बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में पांचों लोग घायल हो गए थे। हादसे में संजय, आशीष और अंशुल को हाथ-पैर, सिर और कमर में चोटें आईं। वहीं, सीता वर्मा और पूजा सोनी को कंधे, कमर और सिर में चोटें लगीं। मौके पर मौजूद लोगों ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मेडिकल जांच में सभी को सामान्य चोटें पाई गईं। देखिए हादसे के वक्त की 3 तस्वीरें… थार पर हूटर-ब्लैक फिल्म का भी चालान
पूछताछ के दौरान पुलिस ने दिनेश लोधी की थार गाड़ी का भी निरीक्षण किया। गाड़ी में हूटर और शीशों पर काली फिल्म लगी पाई गई, जिस पर मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने दिनेश लोधी को घटना स्थल पर ले जाकर भी निरीक्षण कराया। इससे पहले विधायक प्रीतम लोधी भी कह चुके हैं कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने खुद को जनता का सेवक बताते हुए कहा था कि इस मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए और सभी को न्याय मिलेगा। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। घायलों ने लगाए थे सुध न लेने के आरोप
घायल संजय, आशीष और अंशुल परिहार ने विधायक प्रीतम लोधी और उनके बेटे दिनेश लोधी पर हादसे के बाद सुध न लेने और मदद न करने के आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक किसी ने उनका हालचाल नहीं पूछा।


