मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 20 से 22 मई तक बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिलों के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कुशलगढ़ और धंबोला में रात्रि चौपाल और विश्राम करेंगे। उनके संभावित दौरे को लेकर भाजपा और प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री 20 मई की रात को बांसवाड़ा के कुशलगढ़ में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन 21 मई को वे डूंगरपुर जिले के धंबोला पहुंचेंगे, जहां रात्रि विश्राम के साथ-साथ रात्रि चौपाल का आयोजन किया जाएगा। धंबोला में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री लोगों की समस्याएं सुनेंगे और एक सभा को संबोधित करेंगे। 22 मई की सुबह, वे मॉर्निंग वॉक के दौरान महिलाओं, किसानों और अन्य स्थानीय निवासियों से बातचीत करेंगे। उनका रात्रि भोजन और विश्राम धंबोला में एक कार्यकर्ता के घर पर प्रस्तावित है। भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल ने बताया कि मुख्यमंत्री का 20 से 22 मई तक बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिलों का कार्यक्रम प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री 20 मई को विशेष हेलिकॉप्टर से बांसवाड़ा के कुशलगढ़ पहुंचेंगे। 21 मई को वे कुशलगढ़ से हेलिकॉप्टर द्वारा डूंगरपुर जिले के चौरासी विधानसभा क्षेत्र स्थित धंबोला पंचायत आएंगे। धंबोला स्कूल मैदान में मुख्यमंत्री के लिए हेलीपैड तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के इस संभावित दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन तैयारियों में जुट गया है।


