नोटों की गड्डी का लालच देकर ठगी, 3दिन में 3वारदात:ऊपर असली नोट, नीचे कागज की कतरन; विश्वास में लेकर उतरवाए जेवर; CCTV में आरोपी कैद

नोटों की गड्डी का लालच देकर ठगी, 3दिन में 3वारदात:ऊपर असली नोट, नीचे कागज की कतरन; विश्वास में लेकर उतरवाए जेवर; CCTV में आरोपी कैद

ग्वालियर में बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर ठगी करने वाली गैंग सक्रिय हो गई है। ठग पहले पता पूछने के बहाने बात शुरू करते हैं, फिर नोटों की गड्डी का लालच देकर गहने उतरवा लेते हैं। पिछले तीन दिनों में ऐसे तीन मामले सामने आए हैं, जिनमें महिलाएं लाखों के जेवर गंवा चुकी हैं। रविवार को सामने आए मामले के बाद सोमवार को दो और वारदातों का खुलासा हुआ है। मुरार घोसीपुरा निवासी उषा राणा सोमवार दोपहर मुरार के सदर बाजार आई थीं। जब वह वापस लौट रही थी तो चिक संतर में एक लड़के ने पहले पता पूछा फिर महिला से बातचीत करने लगा। इसी समय दो और लड़के उसकी मदद के लिए आ गए। यहां भी नोटों की गड्‌डी दिखाकर महिला को लालच दिया। विश्वास दिलाने के लिए महिला का मंगलसूत्र, कान के बाले व अंगुठियां रूमाल में रखवा लीं। इसके बाद नोटों की गड्‌डी देकर तीनों युवक चले गए। कुछ देर बाद जब महिला ने बैग खोला तो उसमें जेवर नहीं थे। साथ ही नोटों की गड्‌डी में सिर्फ ऊपर का नोट असली था बाकी सभी कागज की कतरन थे। मामले की शिकायत मुरार थाना में की गई है। रविवार को भी हो चुकी ऐसी ही वारदात कोतवाली थाना क्षेत्र के हुजरात पुल के पास 60 वर्षीय वफातन बेगम 26 अप्रैल की दोपहर 3 बजे तानसेन नगर से अपने मायके आई थी। वे यहां से दवा लेने के लिए जा रही थीं। एक युवक ने डबरा का पता पूछकर रोका। बातचीत के दौरान उसके दो साथी और आ गए। उन्होंने महिला को थैले में रखी 500-500 रुपए की गड्डियां दिखाकर कहा कि उन्हें पकड़े जाने का डर है, इसलिए वह यह रकम महिला के पास सुरक्षित रखना चाहते हैं। विश्वास दिलाने के नाम पर आरोपियों ने महिला से कहा कि वह अपने जेवर रूमाल में रख दे। महिला उनके झांसे में आ गई और कान के बाले व चेन उतारकर दे दिए। आरोपी नोटों की गड्डी देकर मौके से चले गए। बाद में पता चला कि गड्डी में ऊपर एक असली नोट था, जबकि बाकी कागज की कतरन थी और जेवर गायब हो चुके थे। इसी तरह सोमवार को मुरार के चिक संतर इलाके में ऊषा राणा के साथ भी वारदात हुई। आरोपियों ने वही तरीका अपनाते हुए उनसे मंगलसूत्र, बाले और अंगूठियां ठग लीं। सीसीटीवी में कैद आरोपी कोतवाली क्षेत्र में हुई वारदात के दौरान एक आरोपी का चेहरा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्ध की तलाश कर रही है। तीनों मामलों को जांच में लेकर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे करते हैं ठगी पहले पता पूछने या मदद मांगने के बहाने बातचीत शुरू करते हैं फिर दो-तीन साथी मिलकर सहानुभूति का माहौल बनाते हैं नोटों की गड्डी दिखाकर लालच देते हैं विश्वास के नाम पर जेवर उतरवाकर रूमाल में रखवाते हैं नकली नोट देकर मौके से फरार हो जाते हैं पुलिस ने कहा सावधान रहें किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने जेवर या सामान न दें नोटों की गड्डी या पैसे के लालच में बिल्कुल न आएं सुनसान जगह पर किसी के साथ न जाएं संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *