ग्वालियर में मौसम का मिजाज बदल गया है। बुधवार शाम से आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई है। बुधवार को दिनभर तेज धूप और उमस बनी रही, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने करवट ली और आसमान में घने बादल छा गए। शहर के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण में ठंडक घुल गई। सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए लोग घरों से बाहर निकलते नजर आए। गुरुवार सुबह भी मौसम खुशनुमा बना रहा। आसमान में हल्के बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलती रहीं। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम रहा। पश्चिमी विक्षोभ का असर मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। वातावरण में नमी बढ़ने और हवाओं की दिशा बदलने से बादल बनने की प्रक्रिया तेज हुई है। अगले कुछ दिन ऐसा ही रहेगा मौसम बुधवार को अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम रहा। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है। इस दौरान शहर में बीच-बीच में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।


