पन्ना में महिला के गले से चेन झपटी:रघुलीला पैलेस के पास सैर पर निकली महिला से हुई वारदात

पन्ना में महिला के गले से चेन झपटी:रघुलीला पैलेस के पास सैर पर निकली महिला से हुई वारदात

पन्ना में 26 अप्रैल की देर शाम एक महिला के गले से सोने की चेन झपटने की घटना सामने आई। कोतवाली थाना क्षेत्र के रघुलीला पैलेस के पास बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। पीड़िता की पहचान स्वामी जगन्नाथ कॉलोनी निवासी स्वाति तिवारी (32) के रूप में हुई है। वह प्रतिदिन की तरह शाम की सैर पर निकली थीं। स्वाति ने बताया कि पुरुषोत्तमपुर-जनकपुर रोड स्थित रघुलीला पैलेस के पास पहुंचने पर पीछे से एक काले रंग की मोटरसाइकिल पर दो अज्ञात युवक आए। बदमाशों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट और सफेद तौलिये का इस्तेमाल किया था। बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट पहना था, जबकि पीछे बैठे युवक ने अपने चेहरे को सफेद तौलिये से ढका हुआ था। स्वाति ने बताया कि बदमाशों ने बाइक को उनके करीब लाकर गर्दन पर हाथ डाला और झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन खींच ली। करीब 13 ग्राम वजनी सोने की चेन लूटने के बाद बदमाश तेज रफ्तार से पन्ना की ओर भाग गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हुए, लेकिन तब तक लुटेरे फरार हो चुके थे। पीड़िता ने तत्काल 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता के साथ मिलकर आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। छीना-झपटी के दौरान महिला को कोई गंभीर चोट नहीं आई। महिला की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर के व्यस्त मार्ग पर हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *