सीबीआई ने बैंक मैनेजर और बीसी को रिश्वत लेते पकड़ा:कानपुर देहात में पंडित दीनदयाल योजना में सब्सिडी दिलाने के नाम पर मांगी थी रिश्वत

सीबीआई ने बैंक मैनेजर और बीसी को रिश्वत लेते पकड़ा:कानपुर देहात में पंडित दीनदयाल योजना में सब्सिडी दिलाने के नाम पर मांगी थी रिश्वत

सीबीआई ने कानपुर देहात में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। डेरापुर क्षेत्र की बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा नुनारी बुजुर्ग से शाखा प्रबंधक और एक बैंक मित्र को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई के बाद बैंक परिसर में हड़कंप मच गया। सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच की टीम ने गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे बैंक में छापा मारा। टीम ने शाखा प्रबंधक गौरव वर्मा और बैंक मित्र राघवेंद्र नायक को हिरासत में लिया। जानकारी के अनुसार, दोनों के खिलाफ सीबीआई में शिकायत दर्ज कराई गई थी। आरोप था कि पंडित दीनदयाल ग्रामोद्योग रोजगार योजना के तहत ब्याज सब्सिडी का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक दस्तावेज जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत में बताया गया था कि इस कार्य के एवज में 25 हजार रुपये की मांग की गई थी। सीबीआई ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद जाल बिछाया और कार्रवाई के दौरान 15 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया। सीबीआई की इस कार्रवाई से बैंक परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अधिकारियों ने बैंक के दस्तावेजों और अन्य जरूरी अभिलेखों की भी जांच की। मामले की जानकारी मिलने के बाद बैंक अधिकारियों में भी हलचल मच गई। क्षेत्रीय प्रबंधक ने मामले की विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं, वहीं लीड बैंक मैनेजर को पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है। सीबीआई टीम दोनों आरोपियों को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए लखनऊ ले गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सीबीआई पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हुई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *