सोशल मीडिया पर दोस्ती, फोन पर बात और फिर दुष्कर्म:शादी का झांसा देकर गलत काम करने का आरोप; झांसी के युवक पर मामला दर्ज

सोशल मीडिया पर दोस्ती, फोन पर बात और फिर दुष्कर्म:शादी का झांसा देकर गलत काम करने का आरोप; झांसी के युवक पर मामला दर्ज

दतिया में बसई थाना अंतर्गत एक गांव की 22 वर्षीय युवती ने झांसी निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक दुष्कर्म करने और बाद में शादी से इनकार कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार उसकी पहचान नवंबर 2024 में फेसबुक के माध्यम से झांसी के बड़ागांव निवासी अंकित पांचाल से हुई थी। दोनों के बीच सोशल मीडिया और फोन पर बातचीत होने लगी। इस दौरान युवक ने युवती से प्रेम संबंध होने की बात कहते हुए शादी का वादा किया। युवती का आरोप है कि पहचान के करीब तीन माह बाद आरोपी उसके घर आया। उस समय घर पर कोई नहीं था। इसी दौरान आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह लगातार शादी का आश्वासन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। पीड़िता ने बताया कि 20 मई 2026 को आरोपी दोबारा उसके घर पहुंचा और उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसने शादी के बारे में पूछा तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि विरोध करने और शिकायत की बात कहने पर आरोपी ने उसे और उसके भाई को जान से मारने की धमकी भी दी। डर और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण युवती तत्काल शिकायत नहीं कर सकी। बाद में उसने अपनी मां को पूरी घटना बताई और 6 जून की रात थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म एवं धमकी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *