छिंदवाड़ा में कार चालक ने 3 वाहनों को मारी टक्कर:एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर, नशे में था ड्राइवर

छिंदवाड़ा में कार चालक ने 3 वाहनों को मारी टक्कर:एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर, नशे में था ड्राइवर

छिंदवाड़ा: शहर के खजरी रोड मार्ग पर सोमवार देर शाम तेज रफ्तार और शराब के नशे ने एक युवक की जान ले ली। यहां एक बेकाबू कार ने सड़क पर चलते तीन वाहनों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। शराब के नशे में चला रहा था कार जानकारी के मुताबिक कार क्रमांक MP 28 CA 5558 का चालक राहुल श्रीवास शराब के नशे में धुत था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह तेज रफ्तार में लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान उसकी कार ने सामने से आ रही बाइक क्रमांक MP 28 MJ 8333 को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। देर रात तक मृतक और घायल युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। तीन गाड़ियों को लिया चपेट में स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के बाद भी कार अनियंत्रित होकर आगे बढ़ती रही और कुल तीन वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिससे खजरी रोड पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया और आरोपी चालक राहुल श्रीवास को हिरासत में ले लिया।
देहात थाना प्रभारी जी.एस. राजपूत ने बताया कि “सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। आरोपी चालक नशे की हालत में मिला है। वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।”

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *