Captain Smit Machhar ने रोका 9/11 जैसा हमला, PM Narendra Modi ने की बहादुरी की तारीफ

Captain Smit Machhar ने रोका 9/11 जैसा हमला, PM Narendra Modi ने की बहादुरी की तारीफ

नयी दिल्ली, एक अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि पायलट ने अपनी जान की परवाह किए बिना 9/11 जैसे एक और हमले को नाकाम कर दिया। मोदी ने कहा कि मच्छार के साहसिक कृत्य से हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। प्रधानमंत्री ने यहां संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि कैप्टन मच्छार ने अद्भुत धैर्य, सूझबूझ और बहादुरी का परिचय दिया।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, मोदी ने कहा कि अपनी जान की परवाह किए बिना कैप्टन मच्छार ने बहादुरी से मुकाबला किया और 9/11 (अमेरिका में वर्ष 2001 में हुआ बड़ा आतंकवादी हमला) जैसे एक और हमले को रोक दिया। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीय कैप्टन मच्छार को सलाम कर रहे हैं और उनके कुशलक्षेम की प्रार्थना कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने घायल कैप्टन के पिता, मां और पत्नी से भी बात की है।

उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया को मच्छार पर गर्व हो रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मैं सभी नागरिकों से अनुरोध करता हूं कि वे स्मित मच्छार की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करें। भारत का गौरव बढ़ाने के लिए हम उनकी सराहना करते हैं।’’
बुधवार को कैप्टन मच्छार ने ‘फ्लाईदुबई’ उड़ान को दुर्घटनाग्रस्त करने की अपने सह-पायलट की कोशिश को नाकाम कर दिया था, जिससे सैकड़ों लोगों की जान बच गई।

सह-पायलट के हमले में मच्छार घायल हो गए, जिनका सऊदी अरब के अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *