Cancer Prevention SMART Formula : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में कैंसर के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। हम लोग लक्षणों को तब पहचानते हैं जब बीमारी गंभीर रूप ले लेती है। कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचने के लिए सही जीवनशैली और जागरूकता भी अनिवार्य है। हाल ही में डॉ. तरंग कृष्णा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने कैंसर से बचने के SMART फॉर्मूला की जानकारी दी है।
यदि इन 5 नियमों को जीवन में उतार लिया जाए, तो कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। आइए जानते हैं की क्या है ये कैंसर से बचाने का फार्मूला।
1. S से Screening (स्क्रीनिंग)
कैंसर से बचने के लिए सबसे पहला कदम स्क्रीनिंग होता है। कई प्रकार के कैंसर ऐसे है इनका शुरुआती स्टेज में कोई दर्द या बड़ा लक्षण नहीं दिखता। नियमित अंतराल पर बॉडी चेकअप और कैंसर स्क्रीनिंग कराने से बीमारी को पकड़ा जा सकता है, इससे इलाज सफल होने की संभावना 90% तक बढ़ जाती है।
2. M से Morning Schedule (सुबह की शुरुआत)
अरस्तु का एक कथन तो आपको याद होगा ही की ‘ एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है।’ एक स्वस्थ दिन की शुरुआत आपके पूरे मेटाबॉलिज्म को नियंत्रित करती है। डॉ. कृष्णा के अनुसार, आपका मॉर्निंग शेड्यूल संतुलित होना चाहिए। इसमें ताजी हवा में सांस लेना, गुनगुना पानी पीना और स्वस्थ नाश्ता शामिल है। सुबह की धूप विटामिन-D का सबसे अच्छा स्रोत है, जो शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाती है।

3. A से Active Lifestyle (एक्टिव लाइफस्टाइल)
घंटों एक जगह बैठकर काम करना आपको कैंसर का मरीज बना देता है। एक्टिव लाइफस्टाइल का अर्थ है कि आप दिन भर शारीरिक रूप से सक्रिय रहें। रोजाना कम से कम 30 मिनट व्यायाम, पैदल चलना या योग करने से शरीर में रक्त का संचार बेहतर होता है और विषाक्त पदार्थ (Toxins) बाहर निकल जाते हैं, जो कैंसर का मुख्य कारण बनते हैं।
4. R से Rest (आराम)
शरीर की कोशिकाओं की मरम्मत के लिए आराम बहुत जरूरी है। नींद की कमी से शरीर में तनाव बढ़ता है और इम्यून सिस्टम कमजोर हो जाता है। रोजाना 7-8 घंटे की गहरी नींद लेने से शरीर खुद को हील (Heal) करता है और कैंसर जैसी असामान्य कोशिकाओं के विकास को रोकने में मदद मिलती है।
5. T से Talk to a Doctor (डॉक्टर से बात)
यदि आपके शरीर में कोई बदलाव दिख रहा है (जैसे कोई गांठ, पुराना घाव, या अचानक वजन कम होना) तो ऐसी स्थिति को नजरअंदाज न करें। डॉक्टर से बात करें। सही समय पर विशेषज्ञ की सलाह लेना ही कैंसर से बचने का सबसे समझदारी भरा कदम है।
डिसक्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह किसी क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प नहीं है। इसलिए पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।


