सोनीपत जिले के गन्नौर थाना पुलिस ने एक जियो टावर से केबल चोरी करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान पानीपत जिले के समालखा निवासी दयाकिशन और प्रवीन के रूप में हुई है। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। यह मामला रिलायंस जियो की वेंडर कंपनी एस.जी. एनकोन के एस्टेट मैनेजर पवन कुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया था। पवन कुमार ने बताया कि 27 अप्रैल को दोपहर करीब तीन बजे उन्हें सूचना मिली कि गांव गढ़ी झिजारा रेलवे फाटक के पास स्थित कंपनी के टावर से केबल चोरी हुई है। चोरों ने टावर के सोलर सिस्टम और जनरेटर से केबिन तक लगी लगभग दस मीटर लंबी बिजली की केबल काट कर चुरा ली थी। शिकायत के आधार पर गन्नौर थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। सहायक उप निरीक्षक सतबीर को जांच का जिम्मा सौंपा गया, जिन्होंने अपनी टीम के साथ कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई केबल बरामद कर ली है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ में अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है।


