उदयपुर शहर में एक बड़ी कार्रवाई की दलालों और भूमाफियाओं की और से सरकारी जमीनों पर कब्जे कर बनाए गए मकान और ब्राउंडीवाल पर आज उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने बुलडोजर चलाया। यूडीए ने डांगियों की पंचोली क्षेत्र में करीब 150 करोड़ की सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। यूडीए ने बुझड़ा में भी अतिक्रमण हटाए। प्राधिकरण कमिश्नर अभिषेक खन्ना ने बताया कि यूडीए की और से कई बार काम रुकवाया गया लेकिन निर्माणकर्ता सरकारी अवकाश के दिनों का फायदा उठाकर निर्माण करते रहे और आज उनको ध्वस्त किया गया। सचिव हेमेन्द्र नागर ने बताया कि प्राधिकरण के तहसीलदार रणजीतसिंह विट्ठू एवं डॉ. अभिनव शर्मा के नेतृत्व में राजस्व ग्राम डांगियों की पंचोली स्थित आराजी संख्या 89, 743, 727 एवं 416 सहित अन्य भूखंडों पर कार्रवाई की गई। राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार यह भूमि उदयपुर विकास प्राधिकरण के नाम दर्ज सरकारी भूमि है। यूडीए अधिकारियों का कहना है कि कुछ दलालों और भू-माफियाओं द्वारा हाल ही में इस भूमि पर अवैध निर्माण शुरू किया गया था। प्रारंभिक स्तर पर ही इन निर्माणों को रोक दिया गया था, लेकिन राजकीय अवकाश के दौरान चोरी-छिपे निर्माण कार्य जारी रखने की सूचना मिलने पर प्राधिकरण ने उदयपुर विकास प्राधिकरण अधिनियम-2023 के तहत नोटिस जारी कर संबंधित पक्षों को सुनवाई का अवसर दिया। सुनवाई के दौरान निर्माणकर्ताओं द्वारा भूमि स्वामित्व से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नियमानुसार अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया गया। कार्रवाई के दौरान लगभग 15 से 20 पक्की बाउंड्रीवाल, कुछ निर्माणाधीन मकान तथा कच्ची कोट सहित विभिन्न प्रकार के अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। प्राधिकरण के अनुसार इस अभियान में करीब 7 लाख वर्गफीट सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 150 करोड़ रुपये आंकी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई के दौरान किसी भी पुराने रहवासी या पुश्तैनी मकान को नहीं हटाया गया और केवल हाल में किए गए अवैध निर्माणों को ही ध्वस्त किया गया। यूडीए ने आमजन से अपील की है कि ऐसे अवैध कब्जों और भूखंडों की खरीद-फरोख्त से सावधान रहें। प्राधिकरण का कहना है कि पहले बाउंड्रीवाल और बाड़े बनाकर सरकारी भूमि पर कब्जा किया जाता है और बाद में इन्हें कम कीमत पर बेचने का प्रयास किया जाता है। कार्रवाई के दौरान राजेन्द्र सेन, बाबूलाल तेली, भरत हथाया, प्रतापसिंह राणावत, दुलीचन्द शर्मा, अभिमन्यु सिंह, विजय नायक, अभय सिंह, दीपक जोशी, हितेन्द्र सिंह तंवर सहित प्राधिकरण दल एवं होमगार्ड जवान मौजूद रहे। यूडीए सचिव नागर ने बताया कि इसी प्रकार यूडीए ने एक और कार्रवाई कर बुझड़ा में स्कूल मैदान के आवंटित जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई को भी अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि उस जगह पर जो भी निर्माण कच्चे और पक्के थे उनको हटा दिया गया है। यूडीए कमिश्नर खन्ना ने जनता से अपील करते हुए कहा कि सरकारी जमीनों पर कब्जा नहीं करें और ऐसे किसी निर्माण को नहीं खरीदे जो सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाया हो।
ये खबर भी पढ़े…. उदयपुर संभागीय आयुक्त के पास 4 एडिशनल चार्ज:IAS तबादलों के बाद कई अहम पद खाली, UDA से लेकर देवस्थान तक 4 संस्थानों की जिम्मेदारी उदयपुर में पिछले दिनों हुए IAS अधिकारियों के तबादलों के बाद कई महत्वपूर्ण पद खाली हो गए हैं। फिलहाल संभागीय आयुक्त को प्रज्ञा केवलरमानी UDA से लेकर देवस्थान विभाग तक चार संस्थानों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। (पूरी खबर पढ़े…)


