मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने कैराना क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को लगभग 29 बीघा जमीन पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण किया गया। यह कार्रवाई सहारनपुर मंडल की मंडलायुक्त और प्राधिकरण की उपाध्यक्ष कविता मीना के निर्देश पर की गई। इस अभियान के तहत चार अलग-अलग स्थानों को चिन्हित कर अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। ध्वस्त की गई प्लॉटिंग में खसरा नंबर 1276 में लगभग 4 बीघा, खसरा नंबर 1410 में करीब 10 बीघा, ईदगाह के पीछे लगभग 13 बीघा और कैराना बाईपास मोड़ पर करीब 2 बीघा भूमि शामिल है। इन सभी स्थानों पर बिना अनुमति के अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। प्राधिकरण ने संबंधित भू-स्वामियों और प्लॉटिंगकर्ताओं को पहले ही नोटिस जारी किए थे। चालानी कार्रवाई के बाद ध्वस्तीकरण के आदेश भी दिए गए थे, लेकिन अवैध निर्माण नहीं हटाया गया, जिसके बाद प्राधिकरण को बुलडोजर चलाना पड़ा। ध्वस्तीकरण के दौरान प्राधिकरण के सहायक अभियंता, अवर अभियंता, पूरी टीम और संबंधित थाने की पुलिस मौके पर मौजूद रही। इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने वालों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृति के किसी भी प्लॉटिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।


