भाई का चालान काटा, नाराज बहन पुलिस वाहन पर बैठी:मंत्री ने चखा ‘गरीबी का स्वाद’; भाजपा ट्रेनिंग कैंप में डांस के बाद अब स्विमिंग

भाई का चालान काटा, नाराज बहन पुलिस वाहन पर बैठी:मंत्री ने चखा ‘गरीबी का स्वाद’; भाजपा ट्रेनिंग कैंप में डांस के बाद अब स्विमिंग

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। मंत्री ने प्याज, नमक और हरी मिर्च के साथ रोटी खाई मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर एक बार फिर अपने अलग अंदाज को लेकर सुर्खियों में हैं। ग्वालियर में उन्होंने एक बस्ती का दौरा किया। भूख लगने पर आम लोगों के बीच बैठकर भोजन किया। वे एक घर में जमीन पर बैठ गए और प्याज, नमक व हरी मिर्च के साथ रोटी खाते नजर आए। इस दौरान मंत्री की सादगी का पूरा सीन कैमरों में कैद होता रहा। फोटो और वीडियो बनाए गए, जिन्हें बाद में खुद मंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर किया। वीडियो सामने आने के बाद समर्थक इसे मंत्री की सादगी बता रहे हैं, जबकि विपक्ष इसे केवल पब्लिसिटी स्टंट बता रहा है। दरअसल, प्रद्युम्न सिंह तोमर अपने अलग अंदाज और सार्वजनिक गतिविधियों को लेकर अकसर चर्चा में रहते हैं। कभी सड़क पर झाड़ू लगाते, कभी नालियां साफ करते तो कभी आम लोगों के बीच बैठकर खाना खाते उनके वीडियो सामने आते रहते हैं। अब इस ताजा वीडियो को लेकर भी राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं, क्योंकि राजनीति में जनता से जुड़ाव दिखाने के लिए नेताओं को कई बार ‘गरीबी का स्वाद’ भी चखना पड़ता है। चाय दिवस पर जीतू पटवारी का चाय बनाते वीडियो अंतरराष्ट्रीय चाय दिवस पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का एक पुराना वीडियो फिर चर्चा में है, जिसमें वे चाय बनाते नजर आ रहे हैं। जीतू पटवारी के समर्थकों ने इस वीडियो को शेयर कर अंतरराष्ट्रीय चाय दिवस की बधाई दी है। दरअसल, भारतीय राजनीति में चाय का अपना अलग महत्व रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कभी चाय बेचते थे। वे खुद को ‘चायवाला’ बताते रहे हैं। ऐसे में जब जीतू पटवारी का चाय बनाते हुए वीडियो सामने आया तो सोशल मीडिया पर लोगों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दीं। लोग चुटकी लेते हुए कह रहे हैं कि भारतीय राजनीति में चाय अब सफलता की गारंटी बनती जा रही है। ऐसे में यह भी कहा जा रहा है कि शायद जीतू पटवारी भी चाय में सियासी सफलता का कोई फॉर्मूला तलाश रहे हों। भाजपा के ट्रेनिंग कैंप में नेताओं की तैराकी, कहीं डांस मध्य प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण वर्ग इन दिनों अलग-अलग वजहों से चर्चा में है। यहां पार्टी की रीति-नीति का पाठ तो पढ़ाया ही जा रहा है, लेकिन मनोरंजन और अन्य गतिविधियों का रंग भी देखने को मिल रहा है। टीकमगढ़ में आयोजित भाजपा के एक प्रशिक्षण वर्ग का वीडियो सामने आया है। इसमें कार्यकर्ता और नेता स्विमिंग पूल में गोते लगाते नजर आ रहे हैं। कार्यकर्ताओं के बीच स्विमिंग की स्पर्धा जैसा माहौल दिखाई दिया। वहीं धार में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ता डांस करते नजर आए। प्रशिक्षण सत्र के बीच संगीत और मनोरंजन का माहौल देखने को मिला। इसका वीडियो भी तेजी से शेयर किया जा रहा है। इन तस्वीरों और वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर लोग हलके-फुलके अंदाज में प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि यह प्रशिक्षण वर्ग कम और ‘पॉलिटिकल समर कैंप’ ज्यादा नजर आ रहा है। चालान पर हंगामा, पुलिस वाहन के बोनट पर बैठी महिला शिवपुरी जिले के करेरा में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया, जहां ट्रैफिक कार्रवाई के दौरान सड़क पर जमकर हंगामा हो गया। दरअसल, पुलिस ने एक युवक की बुलेट का चालान काट दिया। इससे नाराज उसकी बहन पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने लगी। विरोध इतना बढ़ गया कि महिला पुलिस वाहन के बोनट पर जाकर बैठ गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि, पुलिस कार्रवाई रुक नहीं पाई और महिला का यह विरोध चालान से बचने का फॉर्मूला साबित नहीं हुआ। इस पूरे घटनाक्रम के बीच अहम बात यही है कि सड़क पर सुरक्षित सफर के लिए यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है। इनपुट सहयोग – रामेंद्र परिहार (ग्वालियर), शैलेंद्र द्विवेदी (टीकमगढ़), कपिल मिश्रा (शिवपुरी) ये भी पढ़ें –
भाजपा नेताओं की शराब पार्टी, नशे में एक-दूसरे को कूटा: एसपी के सामने पूर्व मंत्री का धरना, बोले-पार्टी छोड़ दूंगा रतलाम में पूर्व गृह मंत्री और भाजपा के सीनियर नेता हिम्मत कोठारी एसपी ऑफिस में धरने पर बैठ गए। इस दौरान उनका दर्द भी खुलकर सामने आया। उन्होंने कहा कि आम आदमी की सुनवाई नहीं हो रही है और जनप्रतिनिधि भी सही-गलत नहीं देख रहे। उन्होंने भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों को गूंगा-बहरा तक कह दिया। पूरी खबर पढ़ें

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *