कॉकरोच जनता पार्टी के हल्ले के बीच बोनी कपूर ने की PM मोदी की तारीफ, बोले- उन्होंने बहुत कुछ हासिल किया

कॉकरोच जनता पार्टी के हल्ले के बीच बोनी कपूर ने की PM मोदी की तारीफ, बोले- उन्होंने बहुत कुछ हासिल किया

Boney Kapoor Praises PM Narendra Modi: बॉलीवुड के मशहूर प्रोड्यूसर बोनी कपूर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘मॉम 2’ को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है। दिल्ली में आयोजित एक बुक लॉन्च इवेंट के दौरान बोनी कपूर ने देश की मौजूदा स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और सरकार के कामकाज पर खुलकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में भारत मजबूत नेतृत्व के हाथों में है और उन्हें भारतीय होने पर गर्व महसूस होता है।

देश की सुरक्षा को लेकर क्या बोले बोनी कपूर? (Boney Kapoor Praises PM Narendra Modi)

इवेंट के दौरान ANI से बातचीत करते हुए बोनी कपूर ने कहा कि देश जिस तरह से हर चुनौती का सामना कर रहा है, वो काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी से लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों तक सरकार ने मजबूत तरीके से काम किया है।

बोनी कपूर ने कहा कि भारत आज दुनिया के सामने मजबूती से खड़ा है और इसके पीछे नेतृत्व की बड़ी भूमिका है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को ‘अचीवर’ बताते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर भी भारत की छवि पहले से ज्यादा मजबूत हुई है। बता दें इन दिनों कॉकरोच जनता पार्टी नाम से सोशल मीडिया पर सरकार के खिलाफ एक बड़ी मुहिम चल रही है। उसी बीच प्रोड्यूसर की ओर से ये बयान आना बड़ी बात है।

‘मॉम 2’ को लेकर भी किया बड़ा खुलासा

बोनी कपूर ने इस दौरान अपनी नई फिल्म ‘मॉम 2’ के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है और इसे नए इंटरनेशनल फिल्म सिटी में शूट किया जा रहा है। इस फिल्म का निर्देशन गिरीश कोहली कर रहे हैं, जिन्होंने पहले ‘मॉम’ की कहानी भी लिखी थी। फिल्म में बंगाली अभिनेता जीशु सेनगुप्ता और अभिनेत्री करिश्मा तन्ना अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

नई फिल्म सिटी को लेकर उत्साहित हैं बोनी कपूर

प्रोड्यूसर ने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे के पास बन रही इंटरनेशनल फिल्म सिटी सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यहां OTT, टीवी शो, पॉडकास्ट और एंटरटेनमेंट से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम होगा। उन्होंने कहा कि यह जगह आने वाले समय में मनोरंजन इंडस्ट्री का बड़ा हब बन सकती है।

बोनी कपूर ने ये भी कहा कि फिलहाल यहां बनाए गए कुछ सेट्स पर OTT प्रोजेक्ट्स की शूटिंग मुफ्त में करने की सुविधा दी जाएगी ताकि ज्यादा से ज्यादा फिल्ममेकर्स यहां काम करने के लिए प्रेरित हों। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें इस बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने का मौका मिला, यह उनके लिए गर्व की बात है।

2017 में रिलीज हुई थी ‘मॉम’

बता दें कि साल 2017 में रिलीज हुई फिल्म ‘मॉम’ में दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। इस फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। अब ‘मॉम 2’ को लेकर भी फैंस के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *