लखनऊ के बाजारखाला इलाके में शनिवार रात घर के बाहर बैठे भाजपा युवा मोर्चा के एक पदाधिकारी पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। कमर के नीचे दो गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मेहंदीगंज निवासी चेतन तिवारी भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी हैं। शनिवार शाम करीब आठ बजे वह अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और उन पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही चेतन जमीन पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चेतन को तुरंत केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। सूचना पर बाजारखाला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि अभी तक मामले में तहरीर नहीं मिली है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश समेत अन्य बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है।


