बिलासपुर-गौरेला मार्ग बदहाल, यात्री परेशान:रतनपुर-मझवानी-केंदा-कारीआम सड़क पर गड्ढे, निर्माण कार्य धीमा

बिलासपुर-गौरेला मार्ग बदहाल, यात्री परेशान:रतनपुर-मझवानी-केंदा-कारीआम सड़क पर गड्ढे, निर्माण कार्य धीमा

बिलासपुर से गौरेला को जोड़ने वाला रतनपुर-मझवानी-केंदा-कारीआम मार्ग वर्तमान में यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में निर्माणाधीन यह सड़क अधूरी छोड़ दी गई है, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिलासपुर से पेंड्रारोड तक की यात्रा में अब साढ़े तीन घंटे से अधिक का समय लग रहा है। सड़क को जगह-जगह खोदकर छोड़ दिया गया है, खासकर रतनपुर से केंदा और घाट वाले हिस्सों में सफर करना जोखिम भरा हो गया है। निर्माण कार्य की गति बेहद धीमी है, पूरे रास्ते में न तो मशीनें दिखती हैं और न ही मजदूर। इससे निकट भविष्य में सुधार की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है। मरीजों और गर्भवती महिलाओं के लिए खतरा बनी सड़क रेलवे की लेटलतीफी और अचानकमार मार्ग के बंद होने के कारण जनता इस खस्ताहाल सड़क पर चलने को मजबूर है। गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं के लिए यह सफर चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है, जिससे उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। इस गंभीर स्थिति के बावजूद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की चुप्पी समझ से परे है। जनता के बीच अब भारी असंतोष पनप रहा है, क्योंकि सड़क की बदहाली ने न केवल समय की बर्बादी की है, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य और वाहनों को भी भारी नुकसान पहुँचाया है। नागरिकों का धैर्य अब जवाब दे रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *