सीहोर जिले के चंदेरी गांव में किसानों ने समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी शुरू होने पर जश्न मनाया। किसानों ने डांडिया नृत्य कर मध्य प्रदेश सरकार और केंद्रीय कृषि मंत्री का धन्यवाद किया। किसान नेता एमएस मेवाड़ा के नेतृत्व में किसानों ने पहले गेहूं खरीदी में देरी को लेकर प्रदर्शन किया था। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से जल्द खरीदी शुरू करने की मांग की थी, क्योंकि उनका गेहूं घरों के बाहर पड़ा था और खराब होने का खतरा था। किसानों को कर्ज चुकाना था, जिससे उनकी चिंताएं बढ़ गई थीं। मेवाड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा किसानों की मांग स्वीकार कर ली गई है। अब उनका गेहूं 2625 रुपये प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य पर खरीदा जा रहा है। पहले मंडियों में गेहूं 2000 से 2200 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा था, जिससे किसानों को नुकसान हो रहा था। इस निर्णय से उत्साहित होकर चंदेरी, रामखेड़ी सहित दर्जनों गांवों के किसानों ने डांडिया नृत्य कर सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि जिले में गेहूं उपार्जन के लिए किसानों के पंजीकरण और रकबे में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2025-26 में 88,292 किसानों का पंजीकरण हुआ था और 2,20,293.55 हेक्टेयर रकबा दर्ज किया गया था। वहीं, वर्ष 2026-27 के लिए अब तक 1,02,485 किसानों का पंजीकरण हो चुका है, जिसमें 2,44,959.65 हेक्टेयर रकबा शामिल है। यह पंजीकरण में लगभग 116 प्रतिशत और रकबे में 111 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है, जो उपार्जन कार्य में किसानों की बढ़ती भागीदारी को इंगित करता है।


