लुधियाना| दुगरी थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर शनिवार सुबह बेखौफ लुटेरों ने एक सरकारी महिला लेक्चरार को निशाना बनाते हुए झपटमारी की वारदात को अंजाम दे दिया। एक्टिवा पर घर लौट रही महिला से बाइक सवार दो युवक पर्स छीनकर फरार हो गए। पीड़िता रपविंदर कौर निवासी दुगरी फेस-2 ने बताया कि वह स्कूल से छुट्टी के बाद बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर घर लौट रही थीं। जैसे ही वह दुगरी थाना के पास पहुंचीं, पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों में से एक ने झपट्टा मारकर एक्टिवा के फुट स्पेस में रखा पर्स छीन लिया और फरार हो गए। वारदात इतनी तेजी से हुई कि पीड़िता कुछ समझ ही नहीं पाईं। पर्स में आईफोन, सैमसंग मोबाइल, नकदी, विभागीय आईडी कार्ड, आधार कार्ड, कार की आरसी और एटीएम कार्ड समेत अहम दस्तावेज मौजूद थे। घटना के बाद महिला ने शोर मचाया और स्थानीय लोगों की मदद से अपने पति सतिंदर पाल सिंह को सूचना दी। इसके बाद दंपती ने थाना पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


