अयोध्या जिले के पटरंगा थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना उमापुर-दुल्लापुर संपर्क मार्ग पर दुल्लापुर गांव के पास रात करीब 8:30 बजे हुई, जब दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पटरंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मवई पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने बाकरपुर रानीमऊ निवासी संदीप कुमार (28) को मृत घोषित कर दिया। इस दुर्घटना में नेवरा निवासी बाबूलाल और राज निषाद गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों घायलों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक संदीप कुमार के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइकों को हटवाकर सामान्य कराया। पटरंगा के प्रभारी निरीक्षक शशिकांत यादव ने बताया कि इस सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है और दो लोग घायल हुए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।


