मुरादाबाद पुलिस की बड़ी कामयाबी: 9 साल तक कानून की आंख में धूल झोंकने वाले 3 शातिर लुटेरे गिरफ्तार, बाइक बरामद

मुरादाबाद पुलिस की बड़ी कामयाबी: 9 साल तक कानून की आंख में धूल झोंकने वाले 3 शातिर लुटेरे गिरफ्तार, बाइक बरामद

Loot Case Moradabad: मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र में वर्ष 2017 में बैंक कर्मचारी के साथ हुई लूट और मारपीट की सनसनीखेज घटना का आखिरकार पुलिस ने खुलासा कर दिया। कटघर पुलिस ने करीब नौ साल पुराने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से लूटी गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में लंबित मामलों के निस्तारण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

रामगंगा पुल बाईपास पर हुई थी वारदात

पुलिस के अनुसार 7 दिसंबर 2017 को भारतीय स्टेट बैंक के कर्मचारी वीर सिंह रामगंगा पुल बाईपास से गुजर रहे थे। इसी दौरान 3 से 4 अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल लूटकर मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद पीड़ित के भाई गिरधारी लाल की तहरीर पर कटघर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

एसएसपी के निर्देशन में चला गिरफ्तारी अभियान

SSP मुरादाबाद के निर्देश में चोरी, लूट और डकैती के मामलों में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत 22 मई 2026 को पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी, तभी तीन संदिग्ध युवकों को रोका गया। पूछताछ और जांच में उनके पास मौजूद मोटरसाइकिल वही निकली जो वर्ष 2017 में बैंक कर्मचारी से लूटी गई थी।

गिरफ्तार आरोपियों ने कबूला जुर्म

पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों विशाल, प्रिंस उर्फ सौरभ और पुष्पेंद्र ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथी मनीष के साथ मिलकर बैंक कर्मचारी को घेरकर लाठी-डंडों से हमला किया था और बाइक लूट ली थी। वारदात के बाद चारों आरोपी लंबे समय तक उसी लूटी गई बाइक का इस्तेमाल करते रहे और उसे बेचने की योजना बना रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

कटघर और कुन्दरकी क्षेत्र के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल पुत्र राजू उर्फ धर्मपाल निवासी पीतलबस्ती सूरजनगर थाना कटघर, प्रिंस उर्फ सौरभ पुत्र मुनेश गोस्वामी निवासी पीतलबस्ती थाना कटघर और पुष्पेंद्र पुत्र शीशपाल निवासी बसेरा खास थाना कुन्दरकी के रूप में हुई है। पुलिस अब फरार आरोपी मनीष की तलाश में जुटी हुई है।

लूटी गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक कर्मचारी से लूटी गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। बरामदगी के आधार पर मामले में धारा 411 की बढ़ोतरी भी की गई है। पुलिस का कहना है कि जिले में पुराने लंबित मामलों के खुलासे के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *