कोंडागांव जिले में बुधवार को केशकाल में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 58 जोड़े विवाह बंधन में बंधे, जबकि कोंडागांव में 4.69 करोड़ रुपए की लागत वाले 17 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। वहीं, केशकाल में प्रथम तेलीन सत्ती माता महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों ने शामिल होकर नवदंपत्तियों को आशीर्वाद दिया और क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने की बात कही। उपमुख्यमंत्री साव प्रथम तेलीन सत्ती माता महोत्सव में शामिल वहीं, केशकाल में प्रथम तेलीन सत्ती माता महोत्सव में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम में तेलीन सत्ती माता की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम और कांकेर विधायक आशाराम नेताम सहित कई जनप्रतिनिधि तथा समाज के प्रमुख लोग मौजूद रहे। महोत्सव को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने तेलीन सत्ती माता को नमन किया और प्रथम आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि केशकाल घाटी से गुजरने वाले लोग तेलीन सत्ती माता का आशीर्वाद लेकर अपनी यात्रा शुरू करते हैं, जिससे उनकी यात्रा सफल होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह महोत्सव भविष्य में और भव्य रूप लेगा। साव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समाज का गौरव बताया। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में गांव, गरीब और किसानों के कल्याण के लिए कई जनहितकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने साहू समाज की भूमिका की भी सराहना की, जो छत्तीसगढ़ के गौरव को बढ़ाने में अन्य समाजों के साथ मिलकर काम कर रहा है। वन मंत्री केदार कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि बस्तर सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि मां दंतेश्वरी की आराधना के लिए देशभर से लोग यहां आते हैं। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट रहने का आह्वान किया। कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बस्तर लगातार विकास कर रहा है। राज्य सरकार ने 2030 तक बस्तर संभाग को विकसित बनाने का संकल्प लिया है, जिसके लिए जनसहयोग महत्वपूर्ण है। बस्तर सांसद महेश कश्यप और केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने भी महोत्सव के सफल आयोजन पर शुभकामनाएं व्यक्त कीं। विधायक ने 4.69 करोड़ के 17 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया वहीं कोंडागांव में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और स्थानीय विधायक लता उसेंडी ने 4.69 करोड़ रुपए की लागत वाले 17 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें मंडी परिसर में 195.55 लाख रुपए की लागत से मिनी स्टेडियम निर्माण प्रमुख है। इन कार्यों में मिनी स्टेडियम, गार्डन, सीसी रोड, सड़क चौड़ीकरण और नाली निर्माण जैसे काम किए जाएंगे। इसके अलावा स्कूलों में प्रयोगशाला कक्ष और सांस्कृतिक भवन भी बनाए जाएंगे। कई वार्डों में डोम शेड निर्माण का काम भी होगा, जिससे लोगों को सामुदायिक कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी। कार्यक्रम में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। केशकाल में मुख्यमंत्री कन्या विवाह, 58 जोड़े बंधे वहीं केशकाल में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ वन मंत्री केदार कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम और कांकेर विधायक आशाराम नेताम सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब परिवारों को बेटियों की शादी में आर्थिक सहायता देने वाली महत्वपूर्ण योजना है। कार्यक्रम में सभी 58 नवदंपत्तियों को विवाह प्रमाण पत्र और 35-35 हजार रुपए की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। साथ ही गृहस्थ जीवन शुरू करने के लिए आवश्यक सामग्री भी प्रदान की गई।


