भिंड जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस अधीक्षक भिंड, सूरज कुमार वर्मा ने 21 फरार और शातिर आरोपियों पर कुल 79 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आरोपियों की गिरफ्तारी में सहयोग करने या उनकी सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति को घोषित राशि से पुरस्कृत किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में अपराधों पर नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। यदि कोई व्यक्ति इन आरोपियों को पकड़वाने, गिरफ्तारी करवाने अथवा गिरफ्तारी के दौरान विधिसम्मत सहयोग प्रदान करता है, तो उसे आरोपी के नाम के सामने घोषित पुरस्कार राशि दी जाएगी। पुरस्कार वितरण के संबंध में पुलिस अधीक्षक का निर्णय अंतिम और मान्य होगा। एसपी सूरज कुमार वर्मा ने जिन आरोपियों पर तीन-तीन हजार रुपये का इनाम घोषित किया है, उनमें अभिषेक बाथम पुत्र गुड्डू उर्फ कमल बाथम, अज्जू उर्फ अजय पुत्र गुड्डू उर्फ कमल बाथम, अशोक पुत्र नारायण बाथम, सूरज पुत्र हेतराम बाथम, शिवम पुत्र अशोक शर्मा, विजय बाथम पुत्र नीलू बाथम, बल्लू बाथम पुत्र मुन्नालाल बाथम, गोलू यादव पुत्र भूरा यादव निवासी गोहद क्षेत्र, हनुमंत शर्मा निवासी कचनाव खुर्द थाना गोरमी, अभिषेक उर्फ बिट्टू पुत्र गिरजाशंकर दुबे निवासी बरहद थाना मेहगांव, शैलेन्द्र सिंह पुत्र बीरेन्द्र सिंह निवासी बगियापुरा कोषड थाना सुरपुरा, पुष्पा देवी पत्नी वीरेन्द्र सिंह तथा रूबी भदौरिया पत्नी दीपेन्द्र सिंह भदौरिया शामिल हैं। वहीं, पांच-पांच हजार रुपये के इनाम वाले आरोपियों में अनिल तोमर पुत्र महेश उर्फ पप्पू तोमर निवासी छीमका गोहद चौराहा, सोनू सिकरवार पुत्र धर्मसिंह सिकरवार निवासी छीमका, राजू भदौरिया पुत्र गोवर्धन सिंह भदौरिया निवासी स्टेशन रोड गोहद चौराहा, रिमसा पत्नी आरिफ खान निवासी डिराउटी जिला जालौन, उत्तर प्रदेश, शिवम जाटव, जबर सिंह जाटव, श्रीकृष्ण जाटव तथा अतुल जाटव निवासी भगत सिंह की गढ़िया, उमरी शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आरोपी की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें, ताकि अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।


