Bengal Voting Phase 2: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के बीच सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। Derek O’Brien ने पीएम Narendra Modi को चुनौती देते हुए कहा कि अगर Mamata Banerjee की पार्टी All India Trinamool Congress जीतती है तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए।
Bengal Polls: पश्चिम बंगाल दूसरे फेज में 142 सीटों पर मतदान हो रहा है। इसी बीच ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने पीएम नरेंद्र मोदी को चुनौती दे दी। TMC सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- नरेंद्र, आपने कहा था कि आप बंगाल की सभी 294 सीटों के उम्मीदवार हैं। बड़ी-बड़ी बातें छोड़िए और यह चुनौती स्वीकार कीजिए।
उन्होंने आगे कहा कि 4 मई को जब ममता बनर्जी और टीएमसी बंगाल जीत जाए, तो प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दीजिए। क्या हिम्मत है?
मतदान के बीच गरमाई सियासत
बता दें कि टीएमसी सांसद का यह बयान ऐसे समय आया है जब राज्य में दूसरे चरण का मतदान जारी है और पहले चरण में रिकॉर्ड वोटिंग दर्ज की गई थी। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित होंगे।
क्या बोले अभिषेक बनर्जी
मतदान करने के बाद टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने टीएमसी की जीत को लेकर भरोसा जताते हुए कहा कि बीजेपी महज 50 सीटों तक ही सिमट जाएगी।
अभिषेक बनर्जी ने आगे कहा कि उन्होंने 2021 में भी ऐसा ही कहा था। आप जाकर उनसे पूछिए। हर बार उन्होंने कहा कि बीजेपी क्लीन स्वीप करेगी, लेकिन जब भी नतीजे आए, वे टीएमसी के पक्ष में गए। अमित शाह ने 2021 में 200 सीटें जीतने की बात कही थी, लेकिन टीएमसी 200 से ज्यादा सीटें जीत गई।
TMC सांसद ने कहा कि लोकसभा में उन्होंने 30 सीटों का दावा किया था, जबकि टीएमसी को 29 सीटें मिलीं। इस बार वे 177 सीटों की बात कर रहे हैं, तो उनके ट्रैक रिकॉर्ड के हिसाब से वे 50 से नीचे ही रहेंगे।
बनर्जी ने लगाए आरोप
इस दौरान अभिषेक बनर्जी ने पोल ऑब्जर्वर्स पर दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि मतदान अभी शुरू ही हुआ है। चुनाव पर्यवेक्षक सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं कर रहे हैं और वे अपने राजनीतिक आकाओं के प्रति जवाबदेह हैं। हमने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखा है, अब कार्रवाई करना उनका काम है।
142 सीटों पर हो रहा मतदान
दूसरे चरण में 294 में से 142 सीटों पर मतदान हो रहा है। कुल मतदाता लगभग 3.21 करोड़ हैं, जिनमें 1.64 करोड़ पुरुष, 1.57 करोड़ महिलाएं और 792 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।


