मुर्शिदाबाद के नौदा में मतदान से पहले बदमाशों ने देशी बमों से हमला किया। जिसमें कई लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंचे हुमायूं कबीर का लोगों ने विरोध किया और चोर-चोर के नारे लगाए।
पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान हो रहा है। इसी बीच कई जगह पर झड़प की भी खबरें सामने आई है। मुर्शिदाबाद के नौदा में मतदान से पहले बदमाशों ने देशी बमों से हमला किया। जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर आम जनता उन्नयन पार्टी के चीफ हुमायूं कबीर घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान मौजूद लोगों ने उनका विरोध किया। वहीं टीएमसी कार्यकर्ताओं के साथ उनकी झड़प हो गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने हुमायूं कबीर के खिलाफ चोर-चोर के नारे लगाए। जिससे वे भड़क गए। इस दौरान उन्होंने टीएमसी पर माहौल बिगड़ाने का भी आरोप लगाया। इतना ही नहीं टीएमसी कार्यकर्ताओं ने हुमायूं कबीर को बीजेपी का एजेंट भी बताया है।
सुरक्षाबलों ने निकाला बाहर
हालांकि वहां मौजूद सुरक्षाबलों ने वहां से हुमायूं कबीर को सुरक्षित बाहर निकाला। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुरक्षाकर्मियों के साथ भी कार्यकर्ताओं की झड़प होने का मामला सामने आया है।
TMC पर रिश्वत बांटने का लगाया आरोप
वहीं मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की नींव रखने वाले हुमायूं कबीर ने ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी पर रिश्वत बांटने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि टीएमसी ने उनकी पार्टी के कई प्रत्याशियों को चुनाव से बाहर रखने के लिए उन्हें रिश्वत दी है।
लोगों द्वारा विरोध करने पर हुमायूं कबीर ने कहा कि मुझे कोई नहीं रोक सकता। मैं पूरे मुर्शिदाबाद जिले में पूरी TMC को शून्य कर दूंगा। उन्होंने देशी बम की घटना पर कहा कि कोशिश की गई लेकिन कुछ हुआ नहीं, शांति से चुनाव में भाग लेना चाहिए। हमारा किसी को मारने का या धमकाने का मकसद नहीं है।
सिलीगुड़ी में भिड़े टीएमसी-बीजेपी कार्यकर्ता
सिलीगुड़ी में टीएमसी और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प होने का मामला सामने आया है। हालांकि समय रहते स्थिति को संभाल लिया गया।


