Karnataka CM Row: कर्नाटक कांग्रेस में लंबे समय से सत्ता परिवर्तन को लेकर बहस चल रही है। अब एक बार फिर इस मुद्दे ने हवा पकड़ ली है और सीएम सिद्धारमैया के इस्तीफा देने की चर्चाएं तेज हो गई है। खबरों की मानें तो सिद्धारमैया आज ही अपने पद से इस्तीफा दे सकते है जिसके बाद राज्य के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को सीएम बनाया जा सकता है। इस्तीफें की खबरों के बीच मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने आवास पर एक विशेष ब्रेकफास्ट बैठक का आयोजन किया है और बड़ी संख्या में कांग्रेस के मंत्री इस बैठक में हिस्सा लेने सीएम आवास पर पहुंच रहे है। मंत्रियों के साथ-साथ उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी इस बैठक में हिस्सा लेने पहुंच गए है। डीके शिवकुमार की मौजूदगी ने सत्ता परिवर्तन की चर्चाओं और तेज कर दिया है।
कांग्रेस अध्यक्ष के बेटे प्रियांक खरगे समेत कई मंत्री पहुंचे
बता दें कि कांग्रेस के भीतर पिछले कुछ समय से नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चा चल रही थी, लेकिन गुरुवार सुबह की गतिविधियों ने इन चर्चाओं को नई दिशा दे दी। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के आवास कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे प्रियांक खरगे, केजे जार्ज, एमबी पाटिल, रामलिंगा रेड्डी और एचके पाटिल समेत कई मंत्री पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था भी सामान्य दिनों की तुलना में काफी कडी दिखाई दी। पार्टी के दो विधायकों ने संकेत दिए कि सिद्धारमैया पद छोड सकते हैं और पार्टी हाईकमान नए फार्मूले पर विचार कर रहा है। हालांकि अभी तक कांग्रेस की तरफ से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
पार्टी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया
उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री आवास पहुंचने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं और तेज हो गईं। माना जा रहा है कि अगर नेतृत्व परिवर्तन होता है तो शिवकुमार को राज्य की कमान मिल सकती है। कुछ नेताओं का यह भी कहना है कि पार्टी कई उपमुख्यमंत्रियों वाला फार्मूला भी अपना सकती है ताकि सभी गुटों को संतुलित रखा जा सके। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के साथ हाल में हुई बैठकों के बाद इस बदलाव की चर्चा और मजबूत हुई है। पार्टी फिलहाल किसी भी निर्णय को लेकर खुलकर कुछ नहीं कह रही है।
राज्यसभा और कैबिनेट को लेकर भी मंथन
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस एक ऐसे फार्मूले पर भी विचार कर रही है जिसमें सिद्धारमैया को राज्यसभा भेजा जा सकता है। साथ ही उनके बेटे यतींद्र सिद्धारमैया को राज्य कैबिनेट में जगह मिलने की संभावना भी जताई जा रही है। जून में कर्नाटक की चार राज्यसभा सीटों पर चुनाव होने हैं और कांग्रेस को इनमें अच्छी सफलता मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के कानूनी सलाहकार एएस पोन्नन्ना ने भी संकेत दिए कि कुछ बदलाव संभव हैं। उन्होंने कहा कि क्या होगा और किस तरह होगा, इसके लिए अभी इंतजार करना होगा।


