राजस्थान बार काउंसिल चुनाव-2026 के तहत सोमवार सुबह 8 बजे से जोधपुर स्थित राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन (पुराना हाईकोर्ट परिसर) के बूथ संख्या 162 के लिए पुनर्मतदान (री-पोलिंग) शुरू हो गया है। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए मतदान केंद्रों के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे पूरी प्रक्रिया की लाइव निगरानी की जा रही है। वोटर्स को लंबा इंतजार नहीं करना पड़े, इसके लिए यहां एक्स्ट्रा टेबल्स लगाई गई हैं। जोधपुर के अलावा जयपुर हाईकोर्ट, जयपुर सेशन कोर्ट और श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर में भी आज पुनर्मतदान करवाया जा रहा है। सुविधाजनक मतदान के लिए 9 स्टेशन, क्यूआर कोड से पर्ची जोधपुर स्थित राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन में कुल 7,792 वकील मतदाता पंजीकृत हैं। इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं की सुविधा और चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पुराने हाईकोर्ट परिसर में 9 अलग-अलग पोलिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं। वकीलों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए मतदाताओं का विभाजन उनके नामांकन (एनरोलमेंट) वर्ष के आधार पर किया गया है। बार काउंसिल प्रशासन के अनुसार मतदाता अपनी वोटर स्लिप आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। जो मतदाता स्लिप डाउनलोड नहीं कर पाए हैं, उनके लिए मतदान केंद्रों के बाहर भौतिक रूप से और क्यूआर कोड के माध्यम से भी वोटर स्लिप उपलब्ध कराने की विशेष व्यवस्था की गई है। दो प्रवेश द्वार और निशुल्क पार्किंग की व्यवस्था जोधपुर में मतदान के लिए पुराने हाईकोर्ट परिसर में वकीलों के लिए दो प्रवेश द्वार निर्धारित किए गए हैं, जिनमें हेरिटेज बिल्डिंग मुख्य गेट और कलेक्ट्रेट गेट शामिल हैं। वकीलों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मोबाइल मजिस्ट्रेट कोर्ट के सामने और उसके आस-पास के जगह पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जहां मतदान के दिन यानी की आज वकीलों से कोई पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाएगा। प्रत्याशियों के बूथ में जाने पर रोक, डिस्प्ले स्क्रीन से देखेंगे चुनाव हाई-पावर्ड इलेक्शन कमेटी के चेयरपर्सन जस्टिस (सेवानिवृत्त) जे.आर. मिधा की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार चुनाव में आचार संहिता का सख्ती से पालन करवाया जा रहा है। जोधपुर में सभी प्रत्याशियों को मुख्य गेट के दाईं ओर निर्धारित क्षेत्र में ही रहने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रत्याशी को पोलिंग बूथ के अंदर जाने की अनुमति नहीं है। हालांकि, प्रत्याशियों को चुनाव प्रक्रिया देखने के लिए डिस्प्ले स्क्रीन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। चुनाव क्षेत्र के भीतर या बाहर किसी भी तरह के स्टॉल, कैनोपी, पोस्टर या होर्डिंग लगाने पर पूरी तरह प्रतिबंध है और मतदान के दिन किसी भी प्रकार के कार्ड या टेम्पलेट बांटने की सख्त मनाही है। गैर-मतदाता या विधि छात्र दिखे तो उम्मीदवारी होगी रद्द समिति ने चुनाव प्रक्रिया में बाहरी लोगों के हस्तक्षेप को लेकर सख्त रुख अपनाया है। प्रत्याशियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि वे चुनाव क्षेत्र के अंदर या बाहर किसी भी विधि छात्र (लॉ स्टूडेंट) या गैर-मतदाता को अपने साथ न रखें। यदि कोई भी कानून का छात्र या गैर-मतदाता किसी प्रत्याशी के लिए प्रचार करता या चुनाव क्षेत्र में मौजूद पाया गया, तो इसे गंभीर कदाचार माना जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित प्रत्याशी की उम्मीदवारी तत्काल प्रभाव से निलंबित या रद्द कर दी जाएगी और गैर-मतदाता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त, अधिकारियों ने कहा- शांतिपूर्ण चल रहा मतदान बार काउंसिल के चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। एडीसीपी (ईस्ट) वीरेंद्रसिंह ने बताया कि चुनाव के लिए पर्याप्त जाब्ता तैनात किया गया है और करीब 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी व्यवस्था संभाल रहे हैं। उदयमंदिर थानाधिकारी सीताराम ने बताया कि पूर्व में यहां केवल चार बूथ थे, लेकिन इस बार 9 बूथ बनाकर अंदर-बाहर पूरी तरह से पुलिस बल तैनात किया गया है। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। हैरिटेज परिसर में चल रहे मतदान पर पोलिंग ऑफिसर एडवोकेट सी.एस. कोटवानी ने कहा कि रविवार रात आई आंधी के कारण कुछ मामूली व्यवधान हुआ था, लेकिन अब पोलिंग बहुत ही ‘स्मूथली’ चल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान अपने निर्धारित समय सुबह 8 बजे से शुरू हुआ, जो शाम 5 बजे तक ही चलेगा। हर बूथ में कई पोलिंग स्टेशन (जैसे एक बूथ में 25 स्टेशन तक) बनाए गए हैं, ताकि भीड़ जमा न हो। मतदाता ऑनलाइन निकाली गई पर्ची और आईडी कार्ड दिखाकर आसानी से वोट डाल रहे हैं। अधिकारी बार-बार वकीलों से सहयोग की अपील करते नजर आए कि व्यवस्थाएं सुचारू हैं और पर्ची लेकर ही मतदान के लिए अंदर जाएं।


