संयुक्त राष्ट्र की संस्था यूएन वीमेन द्वारा आयोजित ‘शी लीड्स’ कार्यक्रम में बलिया की सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता स्मृति सिंह ने भाग लिया। यह तीन दिवसीय आवासीय कार्यक्रम लखनऊ के आईटीसी ग्रुप के पांच सितारा होटल में आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित महिलाओं को शामिल किया गया। इसमें महिला कल्याण मंत्री एवं उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबीरानी मौर्य सहित कई महिला विधायक, उद्यमी और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित महिलाएं उपस्थित रहीं। पूर्व ग्राम प्रधान रतसरकला और भाजपा नेत्री स्मृति सिंह ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण विधेयक पारित कर राजनीति और नीति निर्माण में महिलाओं की नई भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की है।
उन्होंने आगे कहा कि इसी क्रम में संयुक्त राष्ट्र संघ की संस्था यूएन वीमेन द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम महिला नेतृत्व सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। स्मृति सिंह के अनुसार, यह कार्यक्रम सामुदायिक सहभागिता और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके जमीनी अनुभवों को व्यापक सामाजिक एवं नीतिगत दृष्टिकोण से समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर था। उन्होंने बताया कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को नेतृत्व, संवाद और निर्णय प्रक्रिया में सशक्त भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं। स्मृति सिंह पूर्व में भी देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित प्रतिष्ठित सरकारी, गैर-सरकारी संस्थाओं और विश्वविद्यालयों के कार्यक्रमों में भाग ले चुकी हैं। उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। वर्तमान में, वे शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक नेतृत्व जैसे जमीनी मुद्दों पर सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।


