लखनऊ में भीषण गर्मी और लू के प्रकोप के बीच समाजसेवी पूर्व मेयर प्रत्याशी बद्रीनाथ अग्निहोत्री द्वारा आयोजित शिकंजी भंडारा राहगीरों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है। अलीगंज स्थित प्लांट हाउस के बाहर प्रतिदिन हजारों लोग ठंडी शिकंजी और शीतल जल का लाभ उठा रहे हैं। मेयर पद के पूर्व प्रत्याशी बद्रीनाथ अग्निहोत्री ने भीषण गर्मी से लोगों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से इस सेवा अभियान की शुरुआत की है। इस भंडारे में प्रतिदिन लगभग डेढ़ क्विंटल नींबू और दो क्विंटल शक्कर का उपयोग किया जा रहा है। पानी को ठंडा रखने के लिए कोल्ड स्टोर से स्वच्छ और उच्च गुणवत्ता वाली बर्फ की सिल्लियां मंगाई जाती हैं। तपती दोपहर में यहां शिकंजी और पानी लेने वालों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। राहगीरों की सुविधा के लिए स्थायी प्याऊ भंडारे की एक और विशेषता यह है कि जो लोग शिकंजी का सेवन नहीं करते, उन्हें शुद्ध ठंडा पानी और गुड़ उपलब्ध कराया जा रहा है। राहगीरों की सुविधा के लिए यहां एक स्थायी प्याऊ भी स्थापित किया गया है, जहाँ लोग रुककर गर्मी से राहत पा सकते हैं।बद्रीनाथ अग्निहोत्री ने बताया कि इस वर्ष गर्मी ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने समाज के सक्षम और संपन्न लोगों से आगे आकर जरूरतमंदों की मदद करने का आह्वान किया। उनके अनुसार, राह चलते लोगों को ठंडा पानी और पेय पदार्थ उपलब्ध कराना एक बड़ा पुण्य कार्य है। यह जून माह के अंत तक लगातार जारी रहेगा उन्होंने यह भी जानकारी दी कि यह शिकंजी भंडारा ग्रीष्म ऋतु की शुरुआत से ही प्रारंभ कर दिया गया था और यह जून माह के अंत तक लगातार जारी रहेगा। इसके अतिरिक्त, 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दिन भंडारे में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को पौधे वितरित किए जाएंगे और उन्हें पौधरोपण के लिए प्रेरित किया जाएगा। यह पहल गर्मी से राहत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे रही है।


